Madhya Pradesh

हर बूथ मोदी बूथ और कांग्रेस मुक्त बूथ बनाने की दिशा में कार्य करें कार्यकर्ता: विष्णुदत्त शर्मा

हर बूथ मोदी बूथ और कांग्रेस मुक्त बूथ बनाने की दिशा में कार्य करें कार्यकर्ता: विष्णुदत्त शर्मा

– राघौगढ़ से लेकर छिंदवाड़ा तक इस बार भाजपा जीत का परचम फहराएगी

राजगढ़/भोपाल, 17 मार्च (Udaipur Kiran) । भाजपाका बूथ विजय अभियान चल रहा है। इस अभियान के तहत हर बूथ पर पार्टी कार्यकर्ता दस दिन तक दो घंटे का समय दें और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने के मंत्र को साकार करने का कार्य करें। प्रदेश भर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी हर दिन भाजपा में शामिल हो रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ प्रधानमंत्री मोदी बूथ और कांग्रेस मुक्त बूथ बनाने के लिए कार्य करें। इस लोकसभा चुनाव में राजगढ़ क्षेत्र के राघौगढ़, सुसनेर से लेकर छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र तक भाजपा ऐतिहासिक बहुमत से जीत दर्ज कर परचम फहराएगी।

यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को राजगढ़ के आकृति होटल में राजगढ़ लोकसभा प्रबंधन समिति एवं जिला बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी जिस बूथ में रहते हैं, उस बूथ पर भी 370 वोट बढ़ाने के लिए कार्य करें। बूथ स्तर पर जितनी अधिक मेहनत होगी, लोकसभा का चुनाव परिणाम उतना ही ऐतिहासिक होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूलमंत्र के आधार पर कार्य कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री की गरीब कल्याण की योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क करें और उन्हें नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा को वोट देने का आह्वान करें। बैठक को लोकसभा प्रत्याशी रोडमल नागर, लोकसभा प्रभारी विकास विरानी एवं लोकसभा संयोजक दीपेंद्र सिंह चौहान ने भी संबोधित किया।

हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाकर डॉ. मुखर्जी जी के चरणों में 370 कमल पुष्प अर्पित करें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि देश के आजाद होने के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू कर दिया। भाजपा के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने केंद्रीय मंत्री का पद छोड़कर अनुच्छेद 370 हटाने के लिए आंदोलन शुरू किया। जम्मू-कश्मीर से 370 हटाने के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बलिदान बलिदान दिया है। इसलिए सभी कार्यकर्ता हर बूथ पर 370 नए मतदाता पार्टी से जोड़कर डॉ. मुखर्जी के चरणों में 370 कमल पुष्प अर्पित करें।

भाजपा प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटें जीतेगी

शर्मा ने कहा कि हर कार्यकर्ता पहली बार मतदाता बने युवाओं से संपर्क करें और पार्टी के कार्य बताएं। साथ ही युवाओं को वर्ष 2003 के पहले कांग्रेस शासनकाल में मध्यप्रदेश की स्थिति के संबंध में बताएं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किए गए हैं। देश की आधी आबादी महिलाएं हैं, जिनके उत्थान और आर्थिक विकास के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार ने बहुत कार्य किए हैं। हर बूथ पर 10 प्रतिशत वोट बढ़ाने के साथ 370 नए मतदाता हर बूथ पर जोड़ना है। पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर इस कार्य करे गंभीरता से करें। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश की छिंदवाड़ा लोकसभा सहित सभी 29 लोकसभा सीटें जीतकर अबकी बार 400 पार के लक्ष्य को प्राप्त करेगी।

नए लोगों को पार्टी से जोड़ें

उन्होंने कहा कि पन्ना समितियों से लेकर बूथ और मंडल की कार्यसमितियों में जितने भी कार्यकर्ता और पदाधिकारी हैं, सभी लोग पार्टी से जुड़ने की इच्छा रखने वाले व्यक्तियों व लोगों को भाजपा परिवार से जोड़ें। बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता व पदाधिकारी भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी नए लोगों को पार्टी से जोड़कर हर बूथ को प्रधानमंत्री मोदी बूथ और कांग्रेस मुक्त बूथ बनाने का कार्य करें।

(Udaipur Kiran) / उमेद

Most Popular

To Top