RAJASTHAN

(अपडेट) सवाईमाधोपुर सहित आधा दर्जन शहरों में बरसे मेघ

जयपुर, 5 अप्रैल (Udaipur Kiran) । प्रदेश में सक्रिय नए पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को करीब आधा दर्जन शहरों में हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। प्रदेश में शुक्रवार को अधिकांश स्थानों पर बादल छाए रहे और हल्की हवाएं चली। शुक्रवार को सवाईमाधोपुर, टोंक, चूरू और जोधपुर सहित कुछ अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। जयपुर शहर में भी दिनभर हल्के से मध्यम बादल छाए रहे और हल्की हवाएं चली। हालांकि कहीं पर बारिश के समाचार नहीं है। पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद सात अप्रेल से पारा बढ़ने की संभावना है। शनिवार को भी प्रदेश का मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान-पाकिस्तान सीमा पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम बनने से प्रदेश में पिछले दो दिन से बादल छाए हुए हैं। इसका प्रभाव शुक्रवार को जयपुर में भी देखने को मिल रहा है। बादल छाने से जयपुर में दिन का तापमान सामान्य से नीचे चला गया। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। छह अप्रैल को भी कुछ भागों में बादल छाए रहने व छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। आगामी 48 घंटों में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है।

जयपुर का दिन का पारा गिरा और रात के पारे में बढ़ोतरी

जयपुर का मौसम पिछले तीन दिन से बदला हुआ है। जयपुर में दिनभर हल्के से मध्यम बादल छाए रहे और लेकिन इस दौरान बारिश नहीं हुई। शुक्रवार को भी जयपुर में हल्के से घने बादल छाए रहे और हवाएं चली। शनिवार को भी कुछ ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। बदले मौसम के चलते जयपुर के दिन गिरावट तो रात के पारे में 2 डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शुक्रवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 35.1 और गुरुवार रात न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं गुरुवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 35.2 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया था। 18 डिग्री के साथ माउंट आबू की रात सबसे सर्द रही। 37.8 डिग्री के साथ वनस्थली का दिन और 27.5 डिग्री के साथ कोटा की रात सबसे गर्म रही।

हिंदुस्तान समाचार /संदीप

Most Popular

To Top