Haryana

चंडीगढ़ का रास्ता एनएच 152डी जींद से होते हुए जाता है: बीरेंद्र सिंह

जींद, 28 अप्रैल (Udaipur Kiran) । पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे हिसार से सांसद रहे बृजेंंद्र सिंह को कांग्रेस से टिकट न मिलने के बाद रविवार को निजी होटल में बैठक का आयोजन बीरेंद्र सिंह के साथियों द्वारा किया गया। बैठक में बीरेंद्र सिंह के साथियों ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम नहीं लिए उनको कोसने का काम किया। इसके अलावा कांग्रेस द्वारा करवाए गए टिकटों के लिए सर्वे पर भी सवाल खड़े किए। बाद में बीरेंद्र सिंह ने कहा कि यदि वह उनके साथी हैं तो फिर कांग्रेस को मजबूत करना होगा। पागल बनने में कोई फायदा नहीं है। बैठक में बीरेंद्र सिंह, बेटे बृजेंद्र सिंह तथा पत्नी प्रेमलता मौजूद रही।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चंडीगढ़ का रास्ता एनएच 152डी जींद से होते हुए जाता है। वह कांग्रेस पार्टी में भूपेंद्र हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला, कुमारी शैलजा और किरण चौधरी सभी को एक साथ लाकर देश और प्रदेश में सत्ता परिवर्तन करेंगे। भाजपा को लेकर बीरेंद्र सिंह ने भविष्यवाणी की कि 400 पार का नारा देने वाले 200 सीट भी नहीं जीत पाएंगे। उन्होंने कहा कि बृजेंद्र सिंह हिसार से कांग्रेस टिकट के स्वाभाविक दावेदार थे। जब देश में भाजपा में शामिल होने के लिए नेताओं में होड़ लगी हुई थी, तब बृजेंद्र सिंह ने भाजपा छोड़ कर कांग्रेस का हाथ थामा। इससे कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना। हिसार को लेकर पार्टी ने जो फैसला किया है, अब सभी को उसके साथ खड़ा होना है। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि वह 10 साल भाजपा में रहे।

इससे पहले बीरेंद्र सिंह ने समर्थकों की बैठक में बृजेंद्र सिंह से मुखातिब होते हुए कहा कि लोकसभा टिकट कटना बृजेंद्र सिंह के लिए पहला झटका है। यह एक छोटा घटनाक्रम है। अपना जिक्र करते हुए बीरेंद्र सिंह ने कहा कि उनके साथ तो इससे भी बड़े घटनाक्रम हो चुके हैं। अगर उनके नेता राजीव गांधी की आतंकवादियों द्वारा हत्या नहीं की जाती तो वह प्रदेश के सीएम होते। उन्हें कभी अपनों ने सीएम नहीं बनने दिया तो कभी कोई और टांग अड़ा गया। उन्होंने कहा कि अगर देश के प्रधानमंत्री लोकसभा चुनाव में मंगलसूत्र की बात करते हैं तो यह बेहद शर्मनाक है। इस मौके पर इस मौके पर पूर्व विधायक प्रेमलता, सज्जन श्योकंद, एचपीएससी के पूर्व सदस्य जयभगवान गोयल, शिवनारायण शर्मा, देवव्रत ढांडा, सोमबीर पहलवान, जसबीर कुंडू आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र

Most Popular

To Top