RAJASTHAN

झांकियों में जीवंत हुआ संत खेतेश्वर का जीवन चरित्र

संत खेतेश्वर जयंती पर धूमधाम से निकाली शोभायात्रा

जोधपुर, 22 अप्रेल (Udaipur Kiran) । राजपुरोहित समाज के आराध्य संत खेतेश्वर महाराज की 112वीं जयंती सोमवार को धूमधाम से श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस दौरान श्री खेतेश्वर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के तत्वावधान में संत खेतेश्वर की आकर्षक झांकियांयुक्त शोभायात्रा निकाली गई। इसमें संत खेतेश्वर महाराज का जीवन परिचय, पर्यावरण, नशा मुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, मतदान का संदेश देती झांकियां भी नजर आई। शोभायात्रा का अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया।

खेतेश्वर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष शेरसिंह कागनाडा ने बताया कि संत खेतेश्वर महाराज का 112वां जन्मोत्सव आज धूमधाम से मनाया गया। महोत्सव के तहत संत खेतेश्वर मार्ग बारहवीं रोड चौराहे से शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा ब्रह्मधाम आसोतरा गादीपति संत तुलछाराम महाराज, महामंडलेश्वर निर्मलदास महाराज, संत बालकदास महाराज, वेदांताचार्य ध्यानाराम महाराज, संत हुकमानंद महाराज, घनश्याम दास महाराज के सान्निध्य में निकाली गई। शोभायात्रा पांचवी रोड, शनिश्चरजी का थान, जालोरी गेट, स्टेशन रोड, राज रणछोड़दास मंदिर से रेलवे स्टेशन होते हुए ओलंपिक चौराहा, तारघर, सी रोड, जलजोग चौराहा होते हुए रावण का चबूतरा मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में करीब 51 झांकियों को शामिल किया गया। इसमें सत्य सनातन धर्म से ओतप्रोत झांकियों शामिल रही। शोभायात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और अन्य देवी देवताओं से संबंधित झांकियां भी सजाई गई। शोभायात्रा में शामिल लोग पारंपरिक वेशभूषा धोती-कुर्ता और केसरिया साफा पहने हुए थे। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी शोभायात्रा में शामिल हुए।

(Udaipur Kiran) /संदीप

Most Popular

To Top