Madhya Pradesh

रतलाम: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रमुख कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर बैठक को संबोधित किया

रतलाम: मुख्यमंत्री डा. यादव ने प्रमुख कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर बैठक को संबोधित किया

रतलाम, 23 मार्च (Udaipur Kiran) । लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी का चुनाव अभियान काफी लम्बे समय पूर्व ही प्रारंभ हो गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी वायुयान से भोपाल से यहां पहुंचे और उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता-कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा आयोजित बैठक को भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मुख्यमंत्री के लिए जब उनके नाम की घोषणा हुई तो उन्हें इसका पता भी नहीं था, लेकिन मालवा से भाजपा को जनादेश मिला, यह उसी का परिणाम है और भाजपा की विशेषता भी है कि वह छोटे से छोटे कार्यकर्ताओं को सम्मान देती है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद कई विकास और लोककल्याणकारी कार्य किए गए है। प्रधानमंत्री मोदीजी सबका साथ-सबका विकास के सूत्र वाक्य पर चलते है और हमें भी इसी पर चलते हुए प्रदेश को आगे ले जाना है।

कोई योजनाएं बंद नहीं होगी

डॉ. यादव ने कहा कि गरीबों का अपमान किसी को करने नहीं दिया जाएगा और बहनों के मान-सम्मान में भी कोई कमी नहीं आएगी। उनसे जुड़ी कोई योजना बंद नहीं होगी। भाजपा की सरकार गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों की सरकार है। हर कार्यकर्ता को मोदीजी बनना है औरघर-घर जाकर भाजपा के लिए वोट मांगना है और खुद को प्रत्याशी समझकर चुनाव लड़ेंगे तो निश्चित रिकार्ड मतों से जीतेंगे।

मंत्री चेतन्य काश्यप,सांसद गुमानसिंह डामोर ,लोकसभा प्रत्याशी अनीता नागरसिंह चौहान ने भी सम्बोधित किया। आरंभ में जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्वागत भाषण दिया।

प्रमुख कार्यकर्ता बैठक में भाजपा की सदस्यता लेने वाले पूर्व कांग्रेस विधायक मनोज चावला एवं कांग्रेस नेता प्रमोद गुगालिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं का मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। संचालन जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने किया।

मुख्यमंत्री के प्रथम नगर आगमन पर आत्मीय स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वायुयान से बंजली हवाई पट्टी पर आए। मुख्यमंत्री के रूप में प्रथम नगर आगमन पर उनका हवाई पट्टी पर आत्मीय स्वागत किया गया। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री चेतन्य काश्यप, पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी, महापौर प्रहलाद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई चंद्रवंशी, ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर सहित जनप्रतिनिधियों ने डा. यादव का स्वागत किया। डॉ. यादव बंजली हवाई पट्टी से एक स्थानीय एक होटल पहुंचे। बैठक के बाद डॉ. यादव झाबुआ के लिए रवाना हो गए।

(Udaipur Kiran) / शरद जोशी

Most Popular

To Top