Chhattisgarh

प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री शाह, रक्षा मंत्री सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा आएंगे छत्तीसगढ़ : शिवरतन शर्मा

प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री शाह, रक्षा मंत्री सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा आएंगे छत्तीसगढ़-शर्मा

रायपुर, 16 मार्च (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक व पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का छत्तीसगढ़ प्रवास होगा। इसी क्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं लेकर प्रचार करेंगे।

पार्टी की चुनावी तैयारियों की विस्तार से चर्चा करते हुए भाजपा कार्यालय में श्री शर्मा ने बताया कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव की दृष्टिकोण से छत्तीसगढ़ को तीन कलस्टरों में विभाजित कर प्रभारी व सह प्रभारियों की नियुक्ति की। इसी प्रकार संभाग प्रभारी एवं सह प्रभारियों की नियुक्तियां की गई है। शर्मा ने कहा कि आचार संहिता लगने से पहले ही पूरे 11 उम्मीदवारों की घोषणा होने का बाद लोकसभा क्षेत्रों एवं विधानसभा क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ हो चुका है। सभी लोकसभा प्रत्याशियों का अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में सघन दौरा प्रारंभ हो चुका है। लोकसभा चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से 37 कमेटियों का गठन किया गया है। चुनाव सुचारू रूप से संचालित करने के लिए चुनाव प्रबंधन संयोजक व सह प्रबंधकों की नियुक्ति हो चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी के 10 वर्ष के एवं भाजपा की प्रदेश सरकार के तीन माह के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में तीन-तीन प्रचार रथ चलेंगे।

भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव सम्पन्न होने बाद से ही भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों की रचना की। इस क्रम में गाँव चलो अभियान का प्रारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया। इस अभियान के तहत प्रदेश के 20 हजार गांवों में भाजपा कार्यकर्ता गए। इस अभियान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर में, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव रायपुर ग्रामीण में एवं गांव चलो अभियान के प्रदेश संयोजक नारायण चंदेल जांजगीर में प्रवास कर 24 घंटे का समय व्यतीत किए। सांगठनिक 35 जिलों के 280 स्थानों पर शक्ति वंदन कार्यक्रम किया गया। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पांडेय के नेतृत्व में शक्ति वंदन अभियान के तहत 8 एवं 9 फरवरी 2024 को जिलास्तरीय एनजीओ एवं महिला स्व. सहायता समूह का संवाद कार्यक्रम किया गया।

शर्मा ने बताया कि वादे के मुताबिक प्रदेश सरकार ने अब तक प्रदेश के 10 हजार से अधिक लोगों को भगवान श्रीराम लला के दर्शन के लिए अयोध्या श्रद्धा ट्रेन के माध्यम से भेजा है। छत्तीसगढ़ के सभी लोगों के लिए भाजपा की प्रदेश सरकार श्रीराम लला के दर्शन हेतु विशेष ट्रेन चला रही है। प्रदेश में चल रहे लाभार्थी सम्पर्क अभियान के तहत लाभार्थियों के घर-घर हमारे 1.08 लाख पार्टी कार्यकर्ता जाकर प्रधानमंत्री मोदी का पत्र, स्टीकर और केंद्र सरकार की योजनाओं का पत्रक दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ में ऐसे 40 लाख लाभार्थियों का डाटा हमारे पास उपलब्ध है। इन 40 लाख लाभार्थियों से सम्पर्क का अभियान प्रदेशभर में जारी है।

भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक शर्मा ने कहा कि इसी प्रकार प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और स्वच्छता अभियान के तहत भी लगातार कार्यक्रम रखे गए। स्वच्छ भारत के स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। मंदिर स्वच्छता अभियान के तहत प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राममंदिर में, 20 जनवरी को को केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया पुरानी बस्ती स्थित मायामंदिर में उनके साथ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, वित्तमंत्री ओपी चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्यामबिहारी जयसवाल ने भी हिस्सा लिया। अब तक प्रदेश के 405 मंडलों में स्वच्छता अभियान चलाया गया और यह अभी भी चल रहा है। दीवाल लेखन अभियान के तहत अब तक प्रदेश के एक लाख से अधिक स्थानों पर दीवाल लेखन एवं होर्डिंग के कार्य हो चुके हैं। बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत प्रदेश में विगत 3 वर्षों में बूथों की स्थिति का अध्ययन किया और कमजोर बूथों का चयन कर उस पर वोट बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है।

पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, रामू जगदीश रोहरा , प्रदेश प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता, नलिनेश ठोकने प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी और मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल भी उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) /केशव शर्मा

Most Popular

To Top