Madhya Pradesh

प्रधानमंत्री ने गरीब कल्याण से लेकर जनकल्याण तक व्यापक कार्य किये- डॉ. महेंद्र सिंह

Dr. Mahendra Singh

भोपाल, 17 मार्च (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के बूथ विजय अभियान के तहत हम सभी कार्यकर्ताओं को प्रतिदिन 2 घंटे अपने-अपने बूथों पर पहुंच कर बूथ को अपग्रेड कर लाभार्थी से संपर्क करना है। कार्यकर्ता हर बूथ पर नए मतदाताओं को जोड़कर भाजपा को 370 वोट हर बूथ पर बढ़ाने की दिशा में कार्य करना है। आप सभी कार्यकर्ता नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए कमर कसकर बूथ पर कार्य करें और पार्टी को लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक बहुमत दिलाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व में भारत को गौरवान्वित करने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब कल्याण से लेकर जनकल्याण तक व्यापक कार्य किए हैं। यह बात लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने रविवार को सागर के पार्टी कार्यालय में लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

प्रदेश प्रभारी डॉ. सिंह ने विधानसभा संयोजक, प्रभारीगणों की बैठक में शामिल हुए। साथ ही जिला कोर कमेटी, पार्टी पदाधिकारियों व निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कबीर वार्ड में दीवार लेखन किया और लाभार्थी संपर्क अभियान में भी शामिल हुए। बैठक को प्रदेश शासन के मंत्री व विधायक भूपेन्द्र सिंह, सांसद प्रत्याशी लता वानखेडे, लोकसभा प्रभारी जयप्रकाश चतुर्वेदी एवं जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने भी संबोधित किया।

400 पार के लक्ष्य को प्राप्त करने प्राणपण से जुटें कार्यकर्ता

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में 400 पार का लक्ष्य रखा गया है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हर बूथ पर 370 वोट नए जोड़कर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत से प्रधानमंत्री बनाने और 400 पार के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्राणपण से जुट जाएं। 370 की संख्या में भाजपा का भावनात्मक संबंध है। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के लिए आंदोलन किया और अपना बलिदान तक दे दिया। पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ पर 370 नए मतदाता पार्टी से जोड़ें, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भारत हमेशा से विश्व गुरू रहा, यहां की संस्कृति विश्व में सर्वश्रेष्ठ

लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि भारत हमेशा से ही विश्व गुरु रहा है। जब विदेश में किसी को पढ़ना-लिखना भी नहीं आता था, तब हमारे देश ने शून्य दिया था, साथ ही ग्रह-नक्षत्र की जानकारी भी हमारे देश ने ही विश्व को दी है। यहां तक की सूर्य की वास्तविक दूरी की गणना भी हमारे देश के ऋषि-मुनियों द्वारा सैकड़ों वर्ष पूर्व की गई है। चार महान वेदों की रचना भी भारत देश में हुई। डॉ. सिंह ने कहा कि भारत की संस्कृति विश्व में सर्वश्रेष्ठ है। 124 साल पहले स्वामी विवेकानंद जी शिकागो पहुंचे थे और सभी को भारतीय संस्कृति से अवगत कराकर मंत्र मुग्ध कर दिया था। वैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज विश्व में भारत का गौरव बढ़ाया है। भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।

प्रधानमंत्री ने गरीबों की जिंदगी बदलने का कार्य किया

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने रविवार को सागर के वार्ड क्रमांक 37 संत कबीर के बूथ क्रमांक 174 पर लाभार्थियों से संपर्क कर दीवार लेखन किया। उन्होंने लाभार्थियों से संपर्क करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनके केंद्र में देश का विकास और गरीबों का कल्याण ही निहित है। गरीबों को मुफ्त खाद्यान योजना के साथ पीएम आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना के साथ गरीबों, दलितों और आदिवासियों के विकास, आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने गरीबों की जिंदगी बदलने का कार्य किया है।

इस अवसर पर सांसद राज बहादुर सिंह, पार्टी के प्रदेश मंत्री प्रभुदयाल पटेल, विधायक सूर्यकांत मीणा, श्यामसुंदर शर्मा, महापौर संगीता सुशील तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, वृंदावन अहिरवार, श्याम तिवारी, शैलेश केसरवानी एवं मुकेश तिवारी सहित पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / नेहा

Most Popular

To Top