CRIME

वन विभाग की जमीन पर कब्जे के आरोप में कांग्रेस प्रदेश महासचिव अमीन पठान गिरफ्तार

कांग्रेस प्रदेश महासचिव अमीन पठान।

कोटा, 17 मार्च (Udaipur Kiran) । फार्म हाउस पर कार्रवाई करने आई वन विभाग की टीम के साथ गाली- गलौज करने और राजकार्य में बाधा डालने के मामले में कांग्रेस प्रदेश महासचिव अमीन पठान को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। अनंतपुरा थाना पुलिस उन्हें थाने ले और कोर्ट में पेश किया गया। उन्होंने 2023 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस जॉइन कर ली थी। वे भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज चल रहे थे।

अमीन और उनकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा शनिवार को दर्ज हुआ था। पुलिस के अनुसार वन विभाग के रेंजर संजय नागर ने शिकायत दी थी। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि शनिवार को वन विभाग की टीम राजस्व विभाग, यूआईटी और पुलिस के साथ अनंतपुरा गांव में सीमांकन करने गए थे। जहां पर अमीन पठान का वन विभाग की जमीन पर फॉर्म हाउस बना हुआ है। इस फॉर्म हाउस का भी सर्वे किया और लाल निशान लगा दिए। यहां सीमाकंन के बाद पत्थरगढ़ी करनी थी। टीम अपना काम कर रही थी इसी दौरान अमीन पठान और उनकी पत्नी रजिया पठान आए। उनके साथ दस पंद्रह लोग भी थे। आते ही उन्होंने गाली गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध किया तो हाथापाई की कोशिश की। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार शाम को अमीन पठान को अनंतपुरा स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अमीन पठान को जब कोर्ट के समक्ष पेश किया गया तो बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी पहुंच गए थे। ऐसे में अवकाश कालीन कोर्ट के बाहर भी बड़ी संख्या में आरएसी और पुलिस के जवान तैनात किए गए थे।

पठान वर्तमान में कांग्रेस में महासचिव पद पर है। अमीन पठान ने साल 2005 में राजनीति शुरू की थी। भाजपा के पूर्व विधायक रहे भवानी सिंह राजावत ने उनकी राजनीति में एंट्री करवाई थी। अमीन पठान एक समय वसुंधरा राजे के भी खास रहे हैं। वह राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और दरगाह कमेटी ख्वाजा साहब अजमेर में अध्यक्ष भी रहे हैं। 2023 विधानसभा चुनाव से पहले अमीन पठान ने कांग्रेस जॉइन कर ली थी। अमीन पठान ने कोटा में रजवाडा क्रिकेट लीग का भी आयोजन करवाया था, जिसमें ऑनलाइन सट्टेबाजी के आरोप लगे। पठान विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान भरतपुर की कामां विधानसभा सीट से टिकट की उम्मीद कर रहे थे, जिसके लिए वो करीब दो साल से तैयारी कर रहे थे, लेकिन भाजपा ने कामा विधानसभा से हरियाणा की नौक्षम चौधरी को टिकट दे दिया था। भाजपा की लिस्ट जारी होने के बाद से अमीन पठान नाराज चल रहे थे

(Udaipur Kiran) /रोहित/ईश्वर

Most Popular

To Top