Uttar Pradesh

पश्चिमी विक्षोभ से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना

पश्चिमी विक्षोभ से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना

– तेज हवाओं से अभी सुबह शाम की बनी रहेगी सर्दी

कानपुर, 07 मार्च (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश में बारिश और मेघ गर्जन के साथ हुई ओलावृष्टि के बाद अब आसमान साफ होने लगा है। वहीं तेज पछुआ हवाओं के चलने से अभी भी तापमान सामान्य से काफी नीचे चल रहा है और लोगों को हल्की व खासकर सुबह शाम सर्दी सता रही है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल करीब पांच दिन मौसम साफ रहेगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय होगा और 13 मार्च से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना बन रही है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय हवाओं में एक गर्त के रूप में बना हुआ है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है और लगभग 65 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 32 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में है। उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और इससे सटे हरियाणा पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिणी तमिलनाडु से पूर्वी विदर्भ तक आंतरिक कर्नाटक होते हुए फैली हुई है। दक्षिणी ओडिशा पर एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। पूर्वी असम पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि 10 मार्च की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के करीब पहुंचने की संभावना है। इस पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से उत्तर भारत का मौसम फिर बदलेगा, खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना बढ़ गई हैं। वहीं शुक्रवार से हवाएं तेज चलेंगी जिससे फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। यही नहीं रात की सर्दी अभी बरकरार रहेगी और तापमान दो से तीन डिग्री गिर सकते हैं।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 25.2 और न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 82 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 36 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 5.1 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में आसमान साफ रहने के कारण वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है तथा हवाओं की गति सामान्य से तेज चलने के आसार हैं।

(Udaipur Kiran) /राजेश

Most Popular

To Top