CRIME

फर्जी पुलिसकर्मी बनकर चार महिलाओं से उतरवा ले गए जेवरात

अपराध

जयपुर, 30 मार्च (Udaipur Kiran) । राजधानी जयपुर में पुलिसकर्मी बनकर महिलाओं को लूटने वाला गैंग सक्रिय है। 27 मार्च को दो महिलाओं से जेवरात ले जाने के बाद अब 29 मार्च को इस गैंग के बदमाशों ने चार महिलाओं को अपना शिकार बनाया है। इस गैंग के सदस्यों ने मात्र 45 मिनट में आदर्श नगर, जवाहर नगर, मोती डूंगरी और अशोक नगर थाना इलाके में वारदातों को अंजाम दिया है। चारों जगह बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाया गया और उनसे लाखों के गहने लूट लिए गए। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को अपना शिकार बनाया है। घटनाएं सुबह करीब 6.45 से 7.30 बजे के बीच है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए बदमाश सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। कमिश्नरेट पुलिस इस गैंग के बदमाशों को पकड़ने में फिलहाल नाकाम साबित हो रही है।

आदर्श नगर थाना इलाके में विजयपथ तिलक नगर निवासी डॉ. विभा खरे (68) ने मामला दर्ज करवाया कि शुक्रवार सुबह करीब 6.45 बजे मॉर्निंग वॉक पर गई थीं। राजा पार्क में परनामी मंदिर चौराहे से ध्रुव मार्ग की ओर मुड़ी थी। पीछ से 20-25 साल के लड़के ने आकर रोका। बोला- आपको पुलिसवाला बुला रहा है। कुछ दूरी पर 40-45 साल का व्यक्ति खड़ा था। कुछ दूरी पर खड़े व्यक्ति के पास पहुंची तो वो बोला कि वह पुलिस अधिकारी है। रात को यहां मर्डर हो गया है इसलिए नाकाबंदी है। बहुत खतरा है, आप अपने पहने हुए गहने उतारकर रख लो। पुलिस अधिकारी के कहने पर डायमंड के जड़े सोने के कंगन और सोने का मंगलसूत्र उतार दिया। फिर जैसे ही रखने लगी तो बाइक सवार बदमाश छीनकर भाग निकला।

दूसरी घटना जवाहर नगर में राजा पार्क गली नंबर-6 निवासी सुशील अरोडा (62) ने मामला दर्ज करवाया कि वह सुबह करीब 7 बजे वह मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। राजापार्क में मनीष कार बाजार के सामने पहुंची थी। यहां बाइक सवार दो व्यक्तियों ने रोका। पुलिसकर्मी होने का बताकर डरा-धमकाया। हाथों में पहनी सोने की चार चूड़ियां, सोने की अंगूठी और चांदी की 3 अंगूठी उतरवा ली। बांध के देने की कहकर सोने-चांदी के गहने ले लिए। फिर नजर बचाकर सोने जैसी दिखने वाली नकली चुड़ियां देकर फरार हो गए।

तीसरी घटना मोतीडूंगरी थाना इलाके में आदर्श नगर जवाहर नगर निवासी शशि गोलेच्छा (58) ने मामला दर्ज करवाया कि सुबह पूजा पाठ के लिए वह दादाबाड़ी जैन मंदिर गई थीं। सुबह करीब 7.20 बजे पैदल घर लौट रही थीं। नायला हाऊस के सामने बाइक सवार दो व्यक्तियों ने उन्हें रोका। खुद को पुलिसकर्मी बताकर सोने की चार चूड़ियां उतरवाई। फिर छीनकर सांगानेरी गेट की तरफ भाग निकले। चौथी घटना अशोक नगर थाना इलाके में सी-स्कीम निवासी कांता अग्रवाल (64) ने मामला दर्ज करवाया कि सुबह करीब 7.30 बजे वह मंदिर जाने के लिए निकली थीं। घर से कुछ दूरी पर ही एक आदमी ने आवाज लगाकर उन्हें रोका। लूट का खतरा बताकर गहने पेपर में लपेटकर अंदर रखने के लिए कहा। हाथों में पहने सोने के दोनों कड़े उतारने पर बदमाश छीनकर भागा। शोर मचाने पर बाइक सवार साथी के साथ बैठकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल बदमाशों की तलाश में जुटी है।

(Udaipur Kiran) सैनी/ईश्वर

Most Popular

To Top