Uttrakhand

पार्टी का चुनाव में एक ही फॉर्मूला है जीत: महेंद्र भट्ट

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने की पत्रकार वार्ता

– भट्ट ने कहा- पार्टी में जो भी हैं, सभी समान कार्यकर्ता हैं

नैनीताल, 10 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि लोकसभा चुनाव के बाद अब पार्टी निकाय चुनाव की तैयारियों में जुट गयी है। उन्होंने कहा कि भाजपा निकाय चुनाव में सभी पदों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी का हमेशा की तरह चुनाव में एक ही फॉर्मूला है जीत। यानी जो उम्मीदवार पार्टी के सर्वेक्षणों में जीतता हुआ दिखेगा, उसे टिकट मिलेगा। इसमें कार्यकर्ता के नये-पुराने यानी पहले से पार्टी में होने या अन्य पार्टी से आने का कोई अर्थ नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी में जो भी हैं, सभी समान कार्यकर्ता हैं।

महेंद्र भट्ट ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि पार्टी निकाय चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिये कार्य कर रही है। सीट आरक्षित होने पर भी कैसे कार्यकर्ता चुनाव में जुटें, इसका प्रयास किया जा रहा है। वह प्रदेश के कुमाऊं मंडल के चार जिलों में समीक्षा के लिये निकले हैं। अभी मतदाताओं के छूटे नामों को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। सभी निकायों में हर आरक्षित-अनारक्षित वर्ग के संभावित दावेदारों का पैनल तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में आठ में से छह नगर निगमों में भाजपा जीती थी। इस बार सभी नौ सीटें जीतने की योजना है। भट्ट ने लोकसभा चुनाव में घटे मत प्रतिशत पर कहा कि पिछली बार के सापेक्ष केवल डेढ़ प्रतिशत मतदान कम हुआ है। वहां मतदान कम हुआ, जहां कांग्रेस से मुकाबला ही नहीं था।

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के विवादित बयान पर कहा कि उन्होंने जिस तरह की देश की विभाजनकारी व रंगभेदीय टिप्पणी की है, उस पर कांग्रेस का उन्हें केवल निलंबित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कांग्रेस को उनके इस बयान पर माफी मांगनी चाहिए। उत्तराखंड उच्च न्यायालय को नैनीताल से अन्यत्र स्थानांतरित करने के मुद्दे पर कहा कि इस मामले में उच्च न्यायालय को निर्णय लेना है। इस बारे में निर्णय सर्वसम्मति से और जनभावना के अनुकूल होना चाहिए।

(Udaipur Kiran) /डॉ. नवीन जोशी/सत्यवान

Most Popular

To Top