Uttar Pradesh

मुख्तार अंसारी को स्लो प्वाइजन देने के आरोप में, डॉक्टरों के पैनल ने किया चेकअप

बांदा, 22 मार्च (Udaipur Kiran) । पूर्वांचल का माफिया मुख्तार अंसारी बांदा जेल अधिकारियों पर लगातार कोई न कोई आरोप लगा रहा है। जिससे जेल के अधिकारी परेशान रहते हैं। इस बार उसने जेल अधिकारियों पर खाने में जहर देकर मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। कोर्ट में इस आरोप से संबंधित प्रार्थना पत्र दिए जाने पर बांदा जेल में खलबली मची है। कोर्ट के निर्देश पर पहले गुरुवार और आज शुक्रवार को मुख्तार का चेकअप कराया गया है। ब्लड टेस्ट भी हुआ है। वहीं जेल अधीक्षक ने मुख्तार अंसारी के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

बहुचर्चित एंबुलेंस मामले में गुरुवार को बाराबंकी कोर्ट में मुख्तार अंसारी की पेशी थी। जिसमें मुख्तार अंसारी पेश नहीं हुए ,उनकी जगह उनके वकील की ओर से एक प्रार्थना पत्र दिया गया। जिसमें कहा गया है कि जेल के अधिकारी उन्हें स्लो प्वाइजन देकर मारने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें 16 मार्च को खाने में जहर दिया गया है। उन्हें खाना बनाने वाले रसोईया ने भी खाने का टेस्ट किया था, जिससे वह भी बीमार हो गया है। कोर्ट में दिए गए इस प्रार्थना पत्र के बाद कोर्ट ने मुख्तार अंसारी का इलाज कराने और सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। इस निर्देश के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

गुरुवार को जेल प्रशासन ने जिला अस्पताल के दो डॉक्टरों के पैनल से मुख्तार अंसारी का चेकअप कराया। डॉक्टर ने ब्लड टेस्ट भी किया है। रिपोर्ट आने के बाद कब्ज और दर्द से संबंधित दवाइयां दी गई। इस बारे में डॉक्टरों ने मुख्तार अंसारी की हालत को सामान्य बताया, साथ ही यह भी बताया कि इस समय मुख्तार अंसारी रमजान के महीने में रोजा रख रहा है। दिनभर भूखा रहने के बाद शाम को इफ्तार में ओवर फीडिंग के कारण कुछ तकलीफ है, जिसके लिए दवा दी गई है।

इस मामले में जेल अधीक्षक बांदा वीरेश राज शर्मा ने बताया कि कोर्ट में मुख्तार ने अपने वकील के माध्यम से शिकायत की है। जिसका कोर्ट ने संज्ञान लिया है। जिसके आधार पर दिए गए आदेश का पालन करते हुए मुख्तार अंसारी का चेकअप कराया गया है। उनका जेल मैनुअल के तहत इलाज कराया जा रहा है। मुख्तार ने जो भी आरोप लगाए हैं वह निराधार हैं। उन्होंने कहा कि आज भी डॉक्टरों की एक टीम आने वाली है जो मुख्तार का पुनः चेकअप करेगी। जो भी मेडिकल रिपोर्ट आएगी उसे शीघ्र ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जेल में इस समय 900 बंदी है। जो खाना मुख्तार अंसारी को दिया जाता है, वही खाना जेल के सभी बंदी खाते हैं। उसके बाद भी कोई बंदी बीमार नहीं हुआ।

बताते चलें कि 7 जून 2022 को तत्कालीन डीएम ने जेल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान वीवीआईपी खाने का सामान मिलने पर डिप्टी जेलर वीरेश्वर प्रताप सिंह सहित चार बंदी रक्षकों को निलंबित कर दिया गया था। प्रभारी जेल अधीक्षक वीरेंद्र कुमार शर्मा का तबादला सेंटर जेल फतेहगढ़ कर दिया गया था। 13 जुलाई 2023 को उन्हें भी इसी मामले में निलंबित कर दिया गया था। इसके पूर्व 4 अप्रैल 2023 को मुख्तार अंसारी से दोस्ती पर अधीक्षक अविनाश गौतम को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद जेल में सख्ती बढा दी गई और मुख्तार अंसार की सभी गैर कानूनी सुविधाएं बंद हो गई। जिससे वह आए दिन जेल अधिकारियों पर कभी हत्या की साजिश रचने तो कभी जहर देने और इलाज न कराने का आरोप लगा रहा है।

(Udaipur Kiran) / अनिल/बृजनंदन

Most Popular

To Top