Uttar Pradesh

भाजपा जबसे सत्ता में आई है, तबसे मंहगाई ही मंहगाई : अखिलेश यादव

जबसे भाजपा सत्ता में आई है तबसे मंहगाई ही मंहगाई है: अखिलेश यादव

लखनऊ, 14 मार्च (Udaipur Kiran) । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि जबसे भाजपा सरकार सत्ता पर काबिज हुई है जनता तबसे मंहगाई की मार से उत्पीड़ित है। एक तरह से मंहगाई और भाजपा दोनों एक दूसरे के पर्यायवाची बन गए हैं। डीजल-पेट्रोल-बिजली से लेकर जनसामान्य के उपयोग में आने वाली सभी चीजें मंहगी हो गई हैं। इन दिनों जब रमजान का पवित्र माह चल रहा है और नवरात्र व्रत शुरू होने वाले है मंहगाई के असर से लोग विचलित होने लगे हैं।

खुद सरकारी आंकड़े बताते हैं कि इस वर्ष फरवरी में साल भर पहले के मुकाबले सब्जियों के भाव 30.25 प्रतिशत ऊपर रहे। दालों के दाम 18.9 प्रतिशत ऊपर रहे। मसालों के दाम 13.5 प्रतिशत ऊपर रहे। निश्चय ही इस मूल्य वृद्धि का फायदा पूंजी घरानों को होगा।

त्योहारों के दिनों में भाजपा सरकार में जनता की लूट कुछ ज्यादा ही होती है। चूंकि बड़े थोक व्यापारी सब भाजपा के ही समर्थक हैं इसलिए सरकार उन्हें मुनाफा कमाने की खुली छूट दे देती है। मुख्यमंत्री को अपने पूंजीपति सहयोगियों की फिक्र रहती है, आम जनता की उन्हें क्यों परवाह हो? आजकल फल, दूध और मेवों के दाम आसमान छूने लगे है। रमजान के दिनों में फलों के साथ दूध और खोए से बनी मिठाइयों की ज्यादा मांग होती है। खजूर की इन दिनों विशेष मांग होती है किस्म के हिसाब से उसके अलग-अलग दाम बढ़ जाते हैं। नवरात्र के दिनों में भी इन वस्तुओं की मांग रहती है। बाजार में मंहगाई से लोग त्राहि-त्राहि करने लगे हैं।

भाजपा नेतृत्व का काम जनता को बहकाना ही रहता है। अपने बयानों से वह लोगों को भ्रमित करते हैं और जब गरीबी, बेकारी, मंहगाई जैसे मुद्दे उभरने लगते हैं तो वह कोई न कोई नया राग छेड़ देते हैं। अपने इवेंट मैनेजमेन्ट से वह मूल मुद्दों से ध्यान बंटाते हैं। लेकिन जनता धीरे-धीरे भाजपा की सच्चाई जानने लगी है। अब वह भाजपा के बहकावे में और आने वाली नहीं है। सन् 2024 का लोकसभा चुनाव पीडीए की जीत और एनडीए की पराजय का नया इतिहास लिखेगा।

(Udaipur Kiran) /मोहित/राजेश

Most Popular

To Top