RAJASTHAN

संविधान बचाने नहीं जुटे तो पछतावा होगा- गहलोत

3

सीकर, 26 मार्च (Udaipur Kiran) । पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश के लोकतंत्र को गंभीर खतरे में बताते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। समय पर नहीं चेते तो आने वाले समय में पछतावा होगा।

गहलोत मंगलवार को स्थानीय कृषि मंडी में ‘इंडिया गठबंधन’ के लोकसभा प्रत्याशी कॉमरेड अमराराम की नामांकन जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

अशोक गहलोत ने कहा कि देश में ईडी, सीबीआई के माध्यम से शासन हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कहते हैं कि अगर ये बीजेपी वाले एक बार और चुनाव जीत गए तो आगे चुनाव होंगे या नहीं इस बात की कोई गारंटी नहीं। अगर किसी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष इस तरह की बात कहता है तो आप सोच सकते हैं कि देश की स्थिति कितनी चिंताजनक है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री खुद 18 बार राजस्थान आए। मोदी के मुख्यमंत्री पांच बार राजस्थान आए और केंद्रीय मंत्री अनेकों बार राजस्थान आए। सभी ने जमकर झूठ बोला। भाजपा वाले झूठ बोलकर गए हैं कि हिंदू को जयपुर में 5 लाख दिए और मुसलमान को 50 लाख दे दिए।

उदयपुर में कन्हैया लाल की हत्या हुई, हमने 2 घंटे में मुलजिम पकड़ लिए। मैं खुद उनके घर पर गया और दो बच्चों को नौकरी दी। यह जो चाल चली जा रही है सबको पता है। गहलोत ने कहा कि जो भाषा प्रधानमंत्री बोलते हैं हमने कभी प्रधानमंत्री लेवल पर ऐसी भाषा नहीं देखी। प्रधानमंत्री की ‘बॉडी लैंग्वेज’ अजीबोगरीब है। उन्होंने कहा कि बीजेपी वालों ने चुनाव में फायदा लेने के लिए जानबूझकर एनआईए को कन्हैयालाल हत्या प्रकरण दिलवाया । अगर आज वह केस राजस्थान पुलिस के पास होता तो दोनों मुल्जिमों को फांसी हो गई होती।

गहलोत ने कहा कि अगर आज कांग्रेस और कॉमरेड एक साथ बैठे हैं तो समझ लीजिए कि देश के हालात कितने गंभीर हैं। यह हम सबको समझना होगा। आज भाजपा वाले विपक्षी नेताओं को पकड़-पकड़ कर लोकसभा, राज्यसभा की टिकट दे रहे हैं। अब नीतीश कुमार को ले आए। अगर ऐसा होता रहा तो 400 क्या 500 पार कर जाएंगे।

गहलोत ने कहा कि भाजपा के अंदर कांग्रेस नेताओं को तोड़ो, चंदा लो और चंदा जोड़ो वाली पॉलिसी चल पड़ी है। मैंने 2019 में ही कह दिया था कि इलेक्टोरल बॉण्ड भ्रष्टाचार है। आज सुप्रीम कोर्ट के कहने के बाद बीजेपी वाले जुबान नहीं खोल रहे हैं। यह चुप रहने का प्रधानमंत्री का अलग ही अप्रोच है। मोदी को लगता कि मुद्दा खत्म हो जाएगा। इसलिए मोदी नहीं बोलते। मैं मोदीजी को कहना चाहता हूं कि मोदीजी ये मुद्दे जनता इतनी जल्दी नहीं भूलेगी।

पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि ये भाजपा वाले 400 पार करने की बात करते हैं, मैं कहता हूं कि ये सवा सौ भी पार नहीं कर पाएंगे। डोटासरा ने कहा कि ये राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल है जो तीन कामों के लिए प्रसिद्ध है। भाषण ठोको, चाहे झूठ ही बोलो। भाषण दो, भ्रमण करो और लोगों को भ्रमित करो।

मुख्यमंत्री कहते हैं कि यमुना जल समझौता कर दिया, अरे भाई क्या कर दिया। एक बूंद भी पानी नहीं आया। डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भाषण में किसानों और वीरों की धरती को नमन करते हैं। मैं कहना चाहता हूं कि भाजपा वालों ने साढ़े सात सौ किसान मार दिए अभी तक भी मन नहीं भरा क्या। डोटासरा ने कहा कि भाजपा ने अग्निवीर योजना लाकर नौजवानों की सगाई कैंसिल करवा दी।

डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से जाटों को आरक्षण देने की बात कही जा रही है। मैं पूछना चाहता हूं अगर राजस्थान के जाटों को आरक्षण दे दिया तो हरियाणा के जाटों को आरक्षण क्यों नहीं मिला।

सभा से पूर्व सीकर लोकसभा से इंडिया एलायंस गठबंधन के प्रत्याशी कॉमरेड अमराराम ने दोपहर 12:30 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी एव कलक्टर कमर उल जमान के समझ अपना नामाकंन पत्र दाखिल किया। कामरेड अमराराम के साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, माकपा पोलित ब्यूरो सदस्य वृंदा करात, सीकर विधायक राजेंद्र पारीक, नगर परिषद सभापति जीवण खां, सीकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता गठाला मौजूद रही। मीडिया से वार्ता करते हुए अमराराम ने कहा कि संविधान को बचाने के लिए देश के सभी राजनीतिक दल एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं। ताकि संविधान को बचाया जा सके। अमराराम ने कहा कि भाजपा ने संविधान की हत्या कर दी है।

(Udaipur Kiran) / पवन/ईश्वर

Most Popular

To Top