Uttar Pradesh

देश की जनता को मोदी की गारंटी पर है पूरा भरोसा : धर्मवीर प्रजापति

देश की जनता को मोदी की गारंटी पर है पूरा भरोसा : धर्मवीर प्रजापति

– विपक्षी पार्टियों में हावी है परिवारवाद, भाजपा में बूथ अध्यक्ष बन सकता है राष्ट्रीय अध्यक्ष

कानपुर, 22 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी में बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे मजबूत कड़ी है। केवल भाजपा में ही बूथ अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बन सकता है। विपक्षी पार्टियों में परिवारवाद हावी है। वहां केवल एक परिवार के सदस्य ही प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष, विधायक, सांसद व मंत्री बन सकते हैं। बूथ अध्यक्षों की कड़ी मेहनत एवं मजबूत बूथ प्रबंधन से भाजपा लगातार चुनावों में जीत हासिल कर रही है। इस बार भी देश की जनता को मोदी की गारंटी पर पूरा भरोसा है और नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। यह बातें सोमवार को कानपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कही।

उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष, बूथ कमेटी और पन्ना प्रमुख घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क व संवाद करें। बूथ पर संपर्क व संवाद ही जीत का आधार बनेगा। भाजपा बूथ अध्यक्ष और पन्ना प्रमुखों की दम पर प्रदेश में सभी 80 सीटें जीतेगी। पीएम मोदी की सरकार में देश में करोड़ों लोगों को उज्ज्वला योजना,किसान सम्मान निधि,आयुष्मान कार्ड, हर घर नल से जल, निःशुल्क राशन, मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। मोदी सरकार आने के बाद देश में समृद्धि व शांति का वातावरण बना है। पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विकास के नाम पर जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। विरोधी पार्टियां भाजपा द्वारा आरक्षण समाप्त करने का प्रचार कर रही है। जबकि भाजपा आरक्षण मामले में कोई भी बदलाव नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि मोदी, योगी सरकार में गरीब, वंचित, शोषित, दलित, पिछड़ों का सम्मान बढ़ा है। इनके जीवन स्तर में सुधार आया है। सपा बसपा कांग्रेस के पास कोई एजेंडा नहीं है, इसीलिए सब मिलकर केवल भ्रामक प्रचार कर जनता को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। मुद्दा विहीन विपक्षी पार्टियां जब-जब सत्ता में आती हैं तो केवल देश और प्रदेश में लूट-घसोट मचाती हैं। सपा शासनकाल में उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम था परंतु आज प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज है। पीएम मोदी एवं योगी आदित्यनाथ की सरकार में गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी को मिल रहा है।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में इंडी गठबंधन के प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो जायेगी। कार्यकर्ताओं को केवल कमल ही नहीं खिलाना है बल्कि इंडी गठबंधन के प्रत्याशी की जमानत भी जब्त करवानी है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व में आगे बढ़ रहा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर काम कर रही है। भाजपा उत्तर प्रदेश में 80 सीटों पर विजय प्राप्त करेगी। अबकी बार भाजपा की सरकार आने के बाद एक देश एक चुनाव पर अमल होगा। भाजपा अबकी बार सरकार बनाने के बाद समान नागरिक संहिता कानून लागू करेगी। यह चुनाव देश को 100 साल आगे ले जाने वाला चुनाव है।

भाजपा उम्मीदवार रमेश अवस्थी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के मान सम्मान स्वाभिमान को आगे बढाने का काम करुंगा। देश के पीएम नरेंद्र मोदी के मन में कानपुर है और कानपुर वासियों के मन में मोदी जी हैं।

इस दौरान कानपुर लोकसभा प्रभारी रामशरण कटियार,रमाकांत त्रिपाठी,कौशल किशोर दीक्षित, रघुराज शरण गुप्ता,आनंद राजपाल,पूनम कपूर,शैलेंद्र त्रिपाठी,वात्स्येय त्रिपाठी,दीपक शुक्ला,सुमित पावा,प्रशांत पाल,लोकसभा मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी आदि मौजूद रहें।

(Udaipur Kiran) /राजेश

Most Popular

To Top