HEADLINES

नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई बुलंदियों पर पहुंचा: अनुराग ठाकुर

अनुराग

नई दिल्ली, 18 अप्रैल (Udaipur Kiran) । केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को गुजरात के जामनगर में पार्टी के चुनावी प्रचार कार्यक्रम में कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतवर्ष के चारों अमृत स्तंभ यानी युवा, महिलाएं, किसान और गरीब को जो विकास, सम्मान दिया है, वो कांग्रेस ने 60 वर्षों में भी नहीं दिया। आज देश तेजी से गरीबी को मिटाकर आत्मनिर्भर तो बन ही रहा है, इसके साथ ही मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल में देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अभी से ब्लूप्रिंट पर काम करना चालू कर दिया है। अगले तीन वर्षो में हमारा देश विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के 60 वर्षों के कुशासन के बाद मोदी के 10 वर्षों का यह सुशासन देश के लिए बेहद जरूरी था। कांग्रेस के भय, भ्रम और भ्रष्टाचार की राजनीति को मोदी ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण में परिवर्तित कर दिया है। इंडी एलायंस के लोग देश को जाति, धर्म, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने वाले और हम जोड़ने वाले हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी ने सदैव हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर माना है। हिमाचल प्रदेश का विकास उनकी प्राथमिकताओं में हमेशा शीर्ष पर रहा है, इसीलिए एक छोटे पहाड़ी राज्य को पिछले 10 वर्षों में उन्होंने इतना दिया है, जिसकी पहले कभी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। रेल हो, सड़क हो या हवाई साधन तीनों में हिमाचल प्रदेश आज बेहद उन्नत है। जब हिमाचल प्रदेश में आपदा आई तब केंद्र सरकार ने तुरंत कार्य करते हुए 1762 करोड़ रुपये की मदद, 16 हज़ार से ज़्यादा आवास, 2700 किलोमीटर ग्रामीण सड़कें और मनरेगा द्वारा अलग से पैसे दिए।

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि अगर आपको पिछले 10 वर्षों में किए गए कार्यों की स्पीड और स्केल मापना है तो ज्यादा दूर जाने की जरूरत नहीं है। आप यह देखिए कि हम मात्र 10 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाए हैं। 25 करोड़ तो कितने देशों की जनसंख्या भी नहीं है। हम उन्हें सिर्फ गरीबी रेखा से बाहर नहीं लाए बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए 4 करोड़ पक्के आवास, 12 करोड़ शौचालय, 13 करोड़ घरों में नल से जल, 11 करोड़ बहनों को फ्री गैस कनेक्शन, 60 करोड़ लोगों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज और 81 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया है। इसके बाद स्वनिधि योजना, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया, विश्वकर्म योजना, स्किल इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दिया है।

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि मोदी के नेतृत्व में आज का नया भारत सनातन और साइंस दोनोंं को साध कर चल रहा है। जिस सनातन सभ्यता और हिंदू अस्मिता का कांग्रेस ने सदा गला घोटने का प्रयास किया, वह आज फिर से अपने परम वैभव को प्राप्त होने को अग्रसर है। अयोध्या जी में 500 वर्षों बाद रामलला की पहली रामनवमी पर स्वयं भगवान सूर्य देव ने उनका तिलक किया। यह दृश्य स्वयं में ऐतिहासिक है और मोदी सरकार में हिंदू जन जागरण की कहानी बयान करने हेतु पर्याप्त है। आज काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, केदारनाथ धाम सहित हमारे सभी धामों का विकास हो रहा है। श्रद्धालु पांच पांच गुना तक बढ़ रहे हैं। युवाओं में सनातन धर्म को लेकर एक नई ऊर्जा संचालित हुई है। यह सब देखकर हृदय को बड़ी प्रसन्नता होती है। इसके अलावा हमने जम्मू कश्मीर को अनुच्छेद 370 की बेड़ियों से आजाद कराया।

(Udaipur Kiran) / विजयलक्ष्मी

Most Popular

To Top