Haryana

रोहतक: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आआप कार्यकर्ता सडक़ों पर आए

-भाजपा ने शराब माफिया और ठगों का पैसा अपने आलीशान दफ्तरों में लगाया

-31 मार्च को दिल्ली में इंडिया गठबंधन की होगी की महारैली

रोहतक, 26 मार्च (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सडक़ पर उतरे और भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान भाजपा कार्यालय पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा। आप पार्टी कार्यकर्ता हेलमेंट पहने हुए थे।

पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि पूरे देश में इस बात को लेकर गुस्सा है कि रात के अंधेरे में कायरतापूर्ण तरीके से बिना किसी सुबूत के अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करके जेल में डाला है। ये इतिहास में पहली बार है कि किसी सिटिंग मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करके जेल में बंद किया गया है, जिसके खिलाफ एक पैसे का भी सुबूत भाजपा और किसी एजेंसी के पास नहीं है। इसलिए भाजपा की इस साजिश का देश भर में विरोध हो रहा है और ईडी की कार्रवाई का। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए लगाकर भाजपा ने हर शहर में दफ्तर बनाए हैं, ये दरअसल कोयले की दलाली और शराब घोटाले के मुख्य अभियुक्त का दिया हुआ 60 करोड़ रुपए का चंदा है और पाकिस्तानी कंपनियों से आया हुआ चंदा है। भाजपा ने पता नहीं किस साजिश की एवज में ये चंदा लिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब चुनाव आचार संहिता लागू होती है तो सारी एजेंसियां और पुलिस चुनाव आयोग को रिपोर्ट करती हैं, लेकिन चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद भी चुनाव आयोग बैठे बैठे देख रहा है। भाजपा के इशारे पर ईडी विरोधी नेताओं को गिरफ्तार कर रही है और पुलिस हमारे नेताओं पर अत्याचार कर रही है। ये सारी बातें इशारा कर रही हैं कि देश तानाशाही की तरफ जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक भी एफआईआर में अरविंद केजरीवाल का नाम नहीं है। इसलिए अरविंद केजरीवाल को एक राजनीतिक साजिश के तहत गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे बड़ी होती है, इस बार जनता इनको इनकी सही जगह दिखा देगी। उन्होंने कहा कि 31 मार्च को दिल्ली में इंडिया गठबंधन की महारैली भी होगी। इस अवसर पर बिजेंद्र हुड्डा, जगवीर हुड्डा, शिव मोहन गुप्ता, करण सिंह धनकड़, अरुण कटारिया, डॉ. परमेल, नितिन वर्मा, अरुण हुड्डा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / अनिल

Most Popular

To Top