Uttar Pradesh

लोकसभा चुनाव : जब वोट गलत हाथों में जाता है तो कैराना में होता है पलायन : योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मेरठ, 28 मार्च (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र में आपको वोट का अधिकार मिला है। इस वोट की कीमत क्या होती है, आपसे ज्यादा कोई नहीं जानता। जब वोट गलत हाथों में जाता है तो कैराना में पलायन होता है और कर्फ्यू लगता है। यही वोट जब सही हाथों में जाता है तो कांवड़ यात्रा भी निकलती है और देश का विकास भी होता है। यही वोट जब मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा को प्राप्त होता है तो आस्था को सम्मान मिलता है बेरोजगारों को रोजगार मिलता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को मुजफ्फरनगर और शामली में प्रबुद्ध जन सम्मेलनों को संबोधित किया। पहले मुजफ्फरनगर के लाला जगदीश प्रसाद इंटर कॉलेज में प्रबुद्ध जन सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था और दंगों को लेकर पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर अब कर्फ्यू नहीं, बल्कि कांवड़ के लिए जाना जाता है। पहले की सरकार में खतरनाक माहौल था। आपके एक-एक वोट ने तस्वीर बदली है। बेटी, व्यापारी और अन्नदाता की सुरक्षा में सेंध लगाने से पहले आज उसे सोचना पड़ता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जब कोई मिलता है तो राम-राम बोलता है। आज श्रीराम अयोध्या में स्वयं विराजमान हुए हैं। क्या ये पहले की सरकार कर सकती थी? पहले की सरकार कर्फ्यू लगाती थी। बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 अप्रैल को गर्मी, बरसात, आंधी, तूफान के बाद भी आपको अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग करना है और मोदीजी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। मैं आज मुजफ्फरनगर सामान्य रूप से आया हूं। जनसभाएं बाद में होंगी। मैं प्रबुद्ध लोगों से मिलने आया हूं। संजीव बालियान ज्यादा समय अपने क्षेत्र को देते हैं। यही जिम्मेदारी आप लोगों को देने आया हूं। संजीव बालियान केंद्रीय मंत्री हैं तो उन्हें और जगहों पर जनसभा करने के लिए जाना होगा। ऐसे में आपके ऊपर जिम्मेदारी होगी कि हर प्रबुद्धजन को संजीव बालियान बनना होगा।

चौधरी साहब को पहले मिलना चाहिए था सम्मान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भागवत की भूमि को दुनिया शुकतीर्थ के रूप में जानती है। शुकतीर्थ को पुराना वैभव लौटाने का काम भाजपा सरकार ने किया। जनभावना के अनुरूप काम किया। दुनिया में किसी के पास पांच हजार साल पुराना इतिहास नहीं, लेकिन मुजफ्फरनगर के पास है। चौधरी चरण सिंह को सम्मान बहुत पहले मिलना चाहिए था। 2004 से 2014 के बीच की सरकारों ने उन्हें यह सम्मान नहीं दिया। भाजपा सरकार ने उन्हें सम्मान दिया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री व भाजपा उम्मीदवार डॉ. संजीव बालियान, राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, रालोद विधायक राजपाल बालियान आदि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरनगर के बाद शामली में प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित किया। मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से आरके डिग्री कॉलेज में हेलीपैड पर उतरे और इसके बाद स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल में प्रबुद्ध जन सम्मेलन में पहुंचे। उन्होंने कहा कि मैं केवल एक बात बताने के लिए आया हूं कि लोकतंत्र में आपको वोट का अधिकार मिला है, और इस वोट की कीमत क्या होती है आपसे ज्यादा कोई नहीं जानता। जब वोट गलत हाथों में जाता है तो कैराना में पलायन होता है और कर्फ्यू लगता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या, वृंदावन में होली खेले रघुवीरा, होली खेले रघुवीरा सिर्फ सुनते थे, अब पहली बार ऐसा मौका आया है जब अयोध्या के रामलला संग भी होली खेली गई है। इस अवसर पर कैराना लोकसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार प्रदीप चौधरी, तेजेंद्र सिंह निर्वाल आदि उपस्थित रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री सहारनपुर के लिए रवाना हो गए।

(Udaipur Kiran) / डॉ. कुलदीप/सियाराम

Most Popular

To Top