Jharkhand

भारत के भविष्य को उज्जवल बनाने का लक्ष्य लेकर हम चुनाव लड़ रहे हैं : अर्जुन मुंडा

भाजपा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
भाजपा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
भाजपा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

-खूंटी में खुला भाजपा का चुनाव कार्यालय, कड़िया मुंडा ने किया उद्घाटन

खूंटी, 17 मार्च (Udaipur Kiran) । जनजातीय मामलों और केंद्रीय कृषि मंत्री और खूंटी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार अर्जुन मुंडा ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार थी। सबसे लंबे कालखंड तक देश शासन करने के वावजूद इतने वर्षों तक देश की जनता को इन्तजार था कि भारत अपनी सभ्यता, संस्कृति के साथ स्वतंत्रता का अनुभव करे। इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अपनी सभ्यता और संस्कृति के साथ परम वैभव के शिखर तक पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे कालखंड तक देश में शासन करने वाले लोगों ने भारत की संस्कृति, परंपरा एवं मूल्यों को गिरवी रखने का काम किया, लेकिन नरेंद्र मोदी की सरकार में देश के अंदर जिस प्रकार ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की पुनर्स्थापना हो रही है, उसे देश की जनता भली-भांति देख और समझ रही है। 500 साल बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ, देश के लोगों को अपनी संस्कृति पर गौरव करने का अवसर इस सरकार में मिला। अर्जुन मुंडा रविवार को खूंटी में भाजपा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि उन दिनों की सरकारों ने खूंटी और यहां के रणबांकुरों को महत्व नहीं दिया, लेकिन नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने अपनी आहुति देकर इस धरती को सींचने वाले रणबांकुरों को एक ओर जहां सम्मान देने का काम किया, वहीं दूसरी ओर विकास को भी रफ्तार दी। देश का जन समुदाय आत्म सम्मान के साथ आगे बढ़े, इस दिशा में सरकार काम कर रही है। भारत के भविष्य को उज्जवल बनाने का लक्ष्य लेकर हम चुनाव लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अपने पांच वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने खूंटी में स्वास्थ्य शिक्षा सहित मूलभूत सुविधाओं पर काम किया। इसके साथ ही आधारभूत संरचनाओं के कार्यों को गति दिया गया है, यही कारण है कि आज अड़की का बिरबांकी क्षेत्र चारों ओर से खुल गया है। उन्होंने कहा कि खूंटी की जनता जागरुक है, इन सब बातों को भली भांति देख व समझ रही है। निश्चय ही खूंटी के लोग विकसित भारत निर्माण का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करेंगे। तोरपा के विधायक और लोकसभा संयाेजक कोचे मुंडा ने पूजा-अर्चना की।

आनेवाली पीढ़ियों का भविष्य तय करेगा यह चुनाव : कड़िया मुंडा

पद्मभूषण कड़िया मुंडा ने कहा कि यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है, यह हमारे आने वाली पीढ़ियों का भविष्य तय करेगा। इसलिए कार्यकर्ता सभी मनमुटावों को भूलकर एक जूटता के साथ चुनावी युद्ध के समर में उतरें और एक बार फिर से भाजपा का परचम लहराकर प्रधानमंत्री मोदी के हाथों को मजबूत बनाएं। इनके अतिरिक्त विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, कोचे मुंडा सहित अन्य वक्ताओं ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। मौके पर भाजपा खूंटी विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, तोरपा विधायक को लोकसभा संयोजक कोचे मुंडा, पूर्व विधायक विमला प्रधान, पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय, खूंटी जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता, सिमडेगा जिला अध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाईक, सरायकेला खरसावां जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह देव, लोकसभा सह संयोजक ओम प्रकाश साहू, विधायक प्रतिनिधि काशीनाथ महतो, जिला प्रभारी सत्यनारायण सिंह, प्रदेश काय्रसमिति सदस्य संतोष जयसवाल, सुरेश जयसवाल सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / अनिल

Most Popular

To Top