RAJASTHAN

केंद्रीय मंत्री ने गाई होरियां, मंजीरे बजाए

फाल्गुन उत्सव में सपरिवार लिया भाग

जोधपुर, 18 मार्च (Udaipur Kiran) । केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का शहर के लोगों के साथ जुडऩे का अंदाज हमेशा कुछ अलग रहता है। खास तौर से वो भीतरी शहर में जाते हैं तो लोगों से आसानी से कनेक्ट होते हैं। रविवार रात को भी उनका खास अंदाज उस समय नजर आया जब वह अपने कार्यकर्ताओं और परिवार के साथ भीतरी शहर के प्राचीन गंगश्यामजी में चल रहे फाल्गुन उत्सव में पहुंचे। इसके बाद कुंज बिहारी मंदिर में भी दर्शन किए।

पूरी तरह से श्रद्धालुओं से खचाखच भरे इस मंदिर में शेखावत ने भगवान के दर्शन किए। इसके बाद वो वहां चल रहे होरी गायन में लोगों के बीच जा पहुंचे। उनके साथ होरियां गाई, मंजीरे बजाए। इस दौरान उनकी पत्नी नौनद कंवर और पुत्रियां भी उनके साथ थी। करीब एक घंटे तक शेखावत यहां सैकड़ों लोगों की भीड़ में जमीन पर बैठकर उत्सव का आनंद लेते रहे। बता दे कि भीतरी शहर का यह मंदिर 263 साल पुराना है। इस वर्ष 14 फऱवरी को भगवान को कुमकुम तिलक लगाया गया। तब से 35 दिन तक फाग उत्सव चलते हैं। होली के नजदीक आने के साथ यहां रात में भीड़ बढऩे लगती है। रंग सप्तमी तक यहां धूम रहेगी।

शहर की तंग गलियों में पत्नी संग बाइक पर घूमे शेखावत

शहर के भीतरी क्षेत्र में गंगश्यामजी और कुंज बिहारी मन्दिर पहुंचे तो बड़े बुजुर्गों ने स्नेह और अपनायत से आशीर्वाद दिया। शहर की तंग गलियों में लम्बे अरसे बाद पत्नी नोनद कंवर के साथ बाइक पर सवार होकर घूमने का मौका मिला। बाइक चलाते समय उन्होंने हेलमेट भी लगाया। इस दौरान शहर में अनेक स्थानों पर गणमान्य लोगों से मिलना हुआ। गणमान्य लोगों ने स्वागत के तौर पर सुपारी तो किसी ने पान की मनुहार की।

परिवार सहित जीजी से मिलकर आशीर्वाद लिया

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक सूर्यकांता व्यास (जीजी) से निवास स्थल पर भेंट कर उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। जीजी ने शेखावत के सिर पर हाथ फेरकर विजयश्री का आशीर्वाद दिया। उन्होंने जीजी के स्वाथ्य की कुशलक्षेम पूछी। चरण स्पर्श किए तो जीजी ने सिर पर हाथ फेरकर लाड करके आशीर्वाद दिया। इस दौरान पत्नी नोनद कंवर और दोनो बेटियां भी साथ रही।

(Udaipur Kiran) /संदीप

Most Popular

To Top