Haryana

होली मिलन समारोह में भिड़े दो कांग्रेसी, हुई गाली-गलौज

मारपीट का फाइल फोटो

फरीदाबाद, 24 मार्च (Udaipur Kiran) । फरीदाबाद में रविवार को होली मिलन समारोह में कांग्रेसियों के बीच गाली-गलौज हो गया। विवाद कांग्रेस के तिगांव के पूर्व विधायक ललित नागर और कांग्रेस कार्यकर्ता महेंद्र शर्मा के बीच कहासुनी से शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों के बीच नौबत मारपीट तक पहुंच गई। प्रोग्राम में मौजूद कांग्रेस के प्रवक्ता सुमित गौड ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत किया।

इससे जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार फरीदाबाद में खेड़ी पुल के पास आज कांग्रेस के प्रवक्ता सुमित गौड द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें कांग्रेस नेताओं, वर्करों के अलावा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति भी भाग लेने पहुंचे। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र प्रताप, तिगांव के पूर्व विधायक ललित नागर भी शामिल थे।

लोग यहां कवि सम्मेलन का भी मजा ले रहे थे। इसी दौरान तिगांव के कांग्रेस पार्टी से पूर्व विधायक ललित नागर व कांग्रेस के कार्यकर्ता के बीच बहस हो गई। दोनों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुई बहस बढ़ गई और दोनों ने एक दूसरे को भद्दी गालियां देनी शुरू कर दी। इसी बीच तिगांव के पूर्व विधायक ललित नागर कांग्रेसी कार्यकर्ता को पीटने के लिए उतारु हो गए। बढ़ते झगड़े को देख खुद सुमित गौड दोनों के बीच में आए और उनको अलग कर झगड़े में बीच बचाव किया। बता दें कि इस दौरान मंच से पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र प्रताप होली मिलन सभा में पहुंचे लोगों को संबोधित कर रहे थे। गनीमत रही कि समय रहते दोनों को अलग कर दिया गया। एक बार तो माहौल ऐसा हो गया कि दोनों में हाथपाई हो जाएगी। वीडियो को देख कर लोग यह कह रहे हैं कि कांग्रेसियों में आपसी फूट का नतीजा है।

(Udaipur Kiran) /मनोज

Most Popular

To Top