RAJASTHAN

ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार पति पत्नी को मारी टक्कर, महिला और उसके पति की मौत

हादसे के बाद पलटी ट्राली।

भरतपुर, 26 मार्च (Udaipur Kiran) । रूपवास थाना इलाके में एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। महिला अपने पति के साथ दौज मनाने अपने पीहर गई थी। दोनों पति पत्नी वापस अपने घर आ रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बबलेश (25) सुबह 11 बजे अपनी पत्नी पूजा (24) के साथ दौज मनाने अपनी ससुराल घाटा गांव थाना रूपवास गया था। दौज मनाने के बाद दोनों बुलेट से वापस अपने घर धाना खेड़ली थाना रूपवास आ रहे थे। तभी जरेला गांव के पास सामने से आ रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने बुलेट को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बबलेश और पूजा दोनों सड़क पर गिर गए और मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद ड्राइवर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। घटना को देख राहगीर मौके पर रुक गए। जिसके बाद दोनों पति पत्नी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर्स ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बबलेश की तलाशी लेने पर उसकी शिनाख्त हुई। जिसके बाद घटना की सूचना बबलेश के परिजनों को दी गई। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया है। पति पत्नी के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

बबलेश और पूजा की शादी 11 मार्च 2023 को हुई थी। बबलेश ड्राइवरी करता था। उसका बड़ा भाई ओकेश भी मजदूरी करता है। बबलेश की दो छोटी बहनों की शादी हो चुकी है। बबलेश के पिता सुरेश चंद घर पर ही रहते हैं।

(Udaipur Kiran) /रोहित/ईश्वर

Most Popular

To Top