HEADLINES

आज पूरा भारत मोदी का परिवार है: शिवराज

आज पूरा भारत मोदी का परिवार है: शिवराज
आज पूरा भारत मोदी का परिवार है: शिवराज

-मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने आंध्रप्रदेश की ओंगोल, नैल्लोर, चित्तुर, तिरूपति और राजमपेटा में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

भोपाल/हैदराबाद, 09 मार्च (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के प्रवास के दौरान नैल्लोर, ओंगोल, चित्तुर, तिरूपति और राजमपेटा लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में सहभागिता की और भाजपा बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने नैल्लोर में दीवार लेखन किया, पौधरोपण किया और भाजपा कार्यकर्ताओं से भेंट कर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के लोग कहते हैं कि मोदी जी का परिवार ही नहीं है, लेकिन आज पूरा भारत कह रहा है कि ये देश मोदी जी का परिवार है।

जगन मोहन सरकार ने आंध्र को किया तबाह

उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि जगन मोहन रेड्डी सरकार ने आंध्र प्रदेश को तबाह और बर्बाद कर दिया है। रेत माफिया, खनन माफिया, सरकार खुद शराब माफिया है। पार्टी के एमएलए, एमपी, नेता को रेत बांट रहे हैं। रेत में भी पूरे आंध्र प्रदेश को लूटने का काम कर रहे हैं। भू-माफिया लूटेरे हैं, जहां खाली जमीन देखी वहां जगन मोहन रेड्डी के लोग पहुंच रहे हैं, कब्जा कर रहे हैं, कोई सुनने वाला नहीं है, केवल भोली-भाली जनता को लूट रहे हैं। यहां तो शराब सरकार ही बेचती है। सरकार का काम होता है जनता का भला करना, लेकिन यहां की सरकार लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। पहले कहते थे कि शराब पर प्रतिबंध लगा दूंगा, जबकि इस सरकार ने शराब से 36 हजार करोड़ रुपये की आय प्राप्त की है। जो आय पहले छह हजार करोड़ रुपये थी।

जगन मोहन सरकार हिंदू विरोधी

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आंध्र प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ रही है, जनता की कोई सुनने वाला नहीं है। हमने मध्यप्रदेश में तय किया है कि बेटियों पर गलत नज़र डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे और वहीं दूसरी तरफ आंध्र प्रदेश में दुष्कर्म के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जगन मोहन रेड्डी की सरकार हिंदू विरोधी, हिंदू मंदिरों पर हमले हो रहे हैं। अगर कोई विरोध करने जाता है तो उस पर भी हमला किया जाता है। आयोध्या में राम मंदिर बन गया है, पूरा देश उत्सव मना रहा है। काशी में कॉरिडोर बन गया है और यहां हिंदु विरोधी गतिविधियां हो रही हैं।

मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का निर्माण हो रहा

शिवराज ने कहा कि आज मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। एक तरफ राहुल गांधी जैसे नेता और दूसरी तरफ भारत माता के सपूत प्रधानमंत्री मोदी हैं जो विकसित भारत के निर्माण में लगे हैं। आज दुनिया में मोदी ने भारत का मान बढ़ाया है। अब दुनिया में मोदी-मोदी की गूंज सुनाई देती है, ये मोदी का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। मोदी के नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, शक्तिशाली, समृद्ध और सम्पन्न विकसित भारत का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल की यात्रा जहां-जहां जाती है, वहां कांग्रेस साफ हो जाती है। कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है, हर दिन कांग्रेस के नेता पार्टी छोड़ रहे हैं।

मोदी की गारंटी, गारंटी को पूरा करने की गारंटी

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ लोग कहते थे कि मध्यप्रदेश, राजस्थान और छ्त्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार नहीं बन रही है, लेकिन हम कहते थे कि तीनों राज्यों में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। मध्यप्रदेश में तो ऐतिहासिक जीत मिली है, कभी भी इतना वोट प्रतिशत नहीं मिला था। महिलाओं ने तो भाजपा को रिकॉर्ड तोड़ आशीर्वाद दिया है, महिलाएं भाजपा के साथ डटकर खड़ी रही है। मोदी देश के मन में है और उन्होंने विकसित भारत बनाने की गांरटी दी है। मोदी की गारंटी, गारंटी को पूरा करने की गारंटी है।

मोदी के 400 पार के संकल्प को पूरा करना है

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा का विजय रथ आगे बढ़ता जा रहा है। मेरा विश्वास है कि अकेली भाजपा 370 पार करेगी और एनडीए के साथ 400 पार, अबकी बार 400 पार और मध्यप्रदेश में भी भाजपा 29 की 29 सीटें जीतेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, नैल्लोर कहीं पीछे न रह जाए यह सीट जीतकर मोदी को सौंपना है। यहां तो डबल सरकार बनाना है। दिल्ली में मोदी की सरकार और यहां भाजपा की सरकार।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, मैं निवेदन करने आया हूं, यह सही समय है आंध्र प्रदेश में परिवर्तन का समय है, लोकसभा चुनाव भी जीतेंगे और यहां विधानसभा भी जितेंगे। लाभार्थियों, महिलाओं, युवाओं से संपर्क करना है और जगन मोहन रेड्डी की असलियत भी बताना है और मोदी की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताना है। चुनाव तक पूरा समय बूथ का कार्यकर्ता पार्टी को दें, और घर-घर जाए, अलख जगाएं, ताकि हम तीसरी बार मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में सरकार बनाए। मोदी ने महिला दिवस पर रसोई गैस पर 100 रुपये कम कर सौगात दी है, मैं उन्हें बधाई देता हूं। वहीं जगन मोहन रेड्डी ने कूड़े पर भी कर लगा दिया, जिसने कूड़े पर कर लगाया, उसकी सरकार को कूड़े में फेंक दो, उखाड़ कर फेंक दो।

(Udaipur Kiran) /आकाश

Most Popular

To Top