Uttar Pradesh

संचारी रोग की रोकथाम के लिए घर-घर दस्तक देंगे स्वास्थ्यकर्मी, बनाएंगे आभा कार्ड

संचारी रोग की रोकथाम के लिए घर-घर दस्तक देंगे स्वास्थ्यकर्मी, बनाएंगे आभा कार्ड

– विभागों से समन्वय बनाकर करेंगे संचारी रोगों पर नियंत्रण का प्रयास

– सफाई अभियान चलाएंगी टीम, जलभराव व गंदे स्थानों पर एन्टीलारवा का करेगी छिडकाव

मीरजापुर, 1 अप्रैल (Udaipur Kiran) । विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत जिले में सोमवार से आरम्भ हुई। 30 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान के दौरान संचारी यानी वेक्टरजनित रोगों को नियंत्रित करने के लिए विविध गतिविधियां चलाई जाएंगी। इसके लिए योगी सरकार ने विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे हैं। स्वास्थ्य विभाग के साथ 10 अन्य विभागों के संयुक्त प्रयास से यह अभियान चलाया जाएगा।

मुख्य चिकित्साधिकारी डा. छोटेलाल वर्मा ने लोगों से अपील किया कि अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। साथ ही उन स्थानों से भी स्वास्थ्य विभाग की टीम को अवगत कराएं, जहां मच्छर पनपते हैं। इस बार दस्तक अभियान के दौरान जिले की समस्त आशा बहनें सभी का आभा कार्ड भी बनाने का कार्य करेगी। जिसकी रिपोर्ट प्रतिदिन जिला मुख्यालय पर तैनात नोडल अधिकारी लेंगे।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी व नोडल अधिकारी डा. राजकिशोर अहिरवार ने बताया कि इस अभियान में नगरपालिका, नगर पंचायत, कृषि विभाग, पंचायती विभाग, पेयजल, पशुपालन, बाल विकास विभाग समेत तमाम विभागों के सहयोग से साफ-सफाई का कार्य कराया जायेगा। जलभराव व गंदगी के स्थानों पर लार्वा को नष्ट करने के लिए दवाओं का एक महीने तक लगातार छिड़काव किया जाएगा। सभी विभागों के सहयोग से संचारी रोगों को नियंत्रण करने का प्रयास किया जाएगा। डोरटूडोर दस्तक अभियान चलाया जाएगा।

जिला मलेरिया अधिकारी संजय द्विवेदी ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए ब्लाक स्तरीय नोडल बनाए गए हैं, जो ब्लाक स्तर पर अभियान की समीक्षा करेंगे। अभियान के लिए 2058 टीमों का गठन किया गया है। अभियान के दौरान मच्छर से होने वाले बीमारियों के खात्मे के लिए जन समुदाय का सहयोग लिया जाएगा।

(Udaipur Kiran) /गिरजा शंकर/बृजनंदन

Most Popular

To Top