Uttar Pradesh

पीलीभीत : सड़क हादसे में तीन मजदूर की मौत, 12 घायल

पीलीभीत : सड़क हादसे में तीन मजदूर की मौत, 12 घायल

पीलीभीत, 10 मई (Udaipur Kiran) । जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मजदूरी की कमाई लेकर खुशी से घर लौट रहे डीसीएम सवार मजदूरों में तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना में 12 से अधिक मजदूर गम्भीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम के नीचे दबे मजदूरों को रेस्क्यू कर निकाला और सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं मृतकों के शवों को मोर्चरी भिजवा कर उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी है।

लखीमपुर जनपद तहसील निघासन निवासी 35 से 40 मजदूर शुक्रवार की तड़के डीसीएम पर सवार होकर मेरठ के टोन्डी गांव से गन्ने की छिलाई में मिली मजदूरी पाकर खुशी से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही डीसीएम पीलीभीत जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र स्थित जंगल नेशनल हाईवे से गुजर रहा था तभी तेज रफ्तार के चलते चालक संतुलन खो बैठा और पेड़ से जा टकराया। इस हादसे में डीसीएम सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो और 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम काटकर उसके नीचे दबे मजदूरों को रेस्क्यू कर निकाला और सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं शवों को पोस्टमार्टम भिजवाते हुए कार्रवाई की गई।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी संजय कुमार, सीएमओ आलोक कुमार के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों से उनका हालचाल लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि सुबह तड़के तेज रफ्तार डीसीएम पेड़ से जा टकराई थी। हादसे में तीन मजदूर की मौत हुई है और कई अन्य लोग घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।

घायल इश्तियाक ने बताया कि सुबह मेरठ से हम लोग मजदूरी करके लौट रहे थे। घर लौटते समय पता नहीं लगा कि चालक को अचानक नींद आ गई या क्या हुआ और उसने पेड़ से गाड़ी टकरा दी। इसमें हमारे तीन साथियों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। गाड़ी में सवार सभी मजदूरों को गम्भीर चोट लगी हैं।

(Udaipur Kiran) /विक्रांत /मोहित

Most Popular

To Top