RAJASTHAN

कार सेवकों को मारने वाले वोट मांगने आ रहे, लोकसभा चुनाव सड़क-बिजली के लिए नहीं : शिक्षा मंत्री

रामगंज मंडी इलाके में चौपाल पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर

कोटा, 28 मार्च (Udaipur Kiran) । लोकसभा चुनाव के लिए जनसंपर्क अभियान के दौरान शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि यह चुनाव नाली और सड़क-बिजली के लिए नहीं है। उसके लिए तो मैं वोट मांगने आता हूं। विधानसभा चुनाव में जब मैं वोट मांगने आता हूं तो मुझसे बदला ले लेना। मुझे मारना-पीटना टोकना, जो करना हो सब कर सकते हो। लेकिन, अभी जो वोटिंग होगी। वह सड़क-बिजली के लिए नहीं बल्कि देश के लिए होगी।

रामगंज मंडी इलाके में चौपाल पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि जब मुगलों और अंग्रेजों का राज था। रामभक्त लगातार उनसे इस बात की लड़ाई करते रहे कि राम मंदिर यहीं बनाएंगे, राम जन्मभूमि में बनाएंगे, लेकिन उस समय नहीं बनने दिया गया। हमारे लोगों ने 78 युद्ध किए। उस समय की सरकारों ने तीन लाख लोगों का कत्लेआम किया। हमारे लोगों ने सोचा था कि जब हमारे देश की सरकार आएगी, तब राम मंदिर बनाएंगे। फिर, हमारे देश की सरकार आई, लेकिन दुर्भाग्य से कांग्रेस की सरकार आई। उन्होंने भी जो कारसेवा करने गए, हमारे कारसेवकों पर गोलियां चलाकर मार दिया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि वही लोग अब आपके बीच वोट मांगने आ रहे हैं। कार सेवकों के हत्यारे वोट मांगने आ रहे हैं। कश्मीर में एक लाख लोगों का कत्लेआम करवाने वाले वोट मांगने आ रहे हैं। क्या आपको वोट देना चाहिए, नहीं देना चाहिए।

दिलावर ने कहा कि दुर्भाग्य है कि हमारे गांव से फिर भी उनके लिए वोट निकलते हैं। कारसेवकों के विरोधी निकलते हैं, आर्टिकल 370 खत्म न हो, इस बात को कहने वाले लोग निकलते हैं। दोष उनका नहीं, हमारा है। हम उनको समझा नहीं पा रहे हैं। हम पढ़े-लिखे समझदार लोग उनको पूरी बात नहीं बता पा रहे हैं। हमको जाकर उनके बीच बैठकर बताना चाहिए कि वे कार सेवकों को मारने वाले लोग हैं। वही लोग हैं जो कह रहे थे कि राम मंदिर बना तो तोड़ देंगे। कांग्रेस कहती है कि हम भी रामभक्त हैं। क्या कारसवेकों को मारने वाले रामभक्त हो सकते हैं? किसी कीमत पर नहीं हो सकते। वो लोग देश के हितकारी नहीं हो सकते, जिन्होंने लाखों लोगों को आतंकियों से मरवा दिया।

(Udaipur Kiran) /रोहित/ईश्वर

Most Popular

To Top