Chhattisgarh

भाजपा की सरकार बनने पर राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त : कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला।

महिलाये और बच्चियों के प्रति अपराध बढ़ गये

रायपुर, 20 मार्च (Udaipur Kiran) । भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गयी है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि साय सरकार के राज में महिलाओं के प्रति अपराधों में बेतहाशा बढ़ोतरी हो गयी है। मासूम बच्चियों के साथ घृणित दुराचार की घटनायें बढ़ गयी। रोज समाचारों में प्रदेश भर में तीन से चार मासूम अबोध बच्चियों के साथ तथा सामूहिक दुराचार की घटनाओं की खबरें सामने आ रही। तीन माह में प्रदेश में 36 से अधिक हत्याओं की घटना हो गयी है। राजधानी रायपुर में तीन गोलीकांड हो गया, लूट, चाकूबाजी, चैन स्नेचिंग तो रायपुर की पहचान बन गया है।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा राज के तीन महीने में ही छत्तीसगढ़ अपराध गढ़ बन गया है। भाजपा राज में अपराधी बेलगाम हो गये। प्रदेश में आम आदमी का जीवन सुरक्षित नहीं है। दुर्ग में 16 वर्ष की एक मासूम बच्ची के गले में ब्लेड मार कर हत्या की कोशिश किया गया। दो महीने में राजधानी में सरेआम गोलीबारी की दो घटनायें हो गयी। राजिम में एक 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ इसी हफ्ते बालोद जिले में दो वर्षीय बच्ची के साथ, अंबिकापुर जिले में नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार की घटना घटती है। गृहमंत्री के गृह क्षेत्र कवर्धा में सरेआम हत्या हो गयी। ऐसी ही घटना पर सांप्रदायिकता का जहर घोलने वाले भाजपाई इस घटना पर मौन हो गये हैं।

राजधानी रायपुर से लेकर प्रदेश के सभी शहरो में लगातार हत्या, लूट, चाकूबाजी की घटनायें बढ़ गयी है। राजधानी में सरे आम चाकू मारकर युवक की हत्या कर दी गयी। एक दूसरी घटना में राजधानी में ही अपराधियों ने दौड़ा-दौड़ा कर युवक की हत्या कर दिया। जोरा में एक व्यक्ति को गोली मार दी गयी। कांकेर के पखांजूर में भाजपा नेता असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। हर शहर में चाकूबाजी, लूट की वारदाते आम हो गयी है। सरकार बदलते ही कानून का राज समाप्त हो गया है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार की अकर्मण्यता और मति भ्रम के कारण राज्य में नक्सली घटनाओं मे बढ़ोतरी हो गयी। पांच सालों के कांग्रेस के कार्यकाल में नक्सली घटनाओं में 80 प्रतिशत कमी आई थी, भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में नक्सली वारदातों में बढोतरी हो गयी है।

(Udaipur Kiran) / चंद्रनारायण शुक्ल

Most Popular

To Top