Uttar Pradesh

प्रयागराज में संघ कार्यकर्ताओं ने निकाली 50 किलोमीटर लंबी साहसिक यात्रा

साहसिक यात्रा

प्रयागराज, 11 अप्रैल (Udaipur Kiran) । पुरातन संस्कृति से युवाओं को परिचित कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की इलाहाबाद विश्वविद्यालय नगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को साइकिल से साहसिक यात्रा निकाली।

केपीयूसी छात्रावास गेट से गौहनिया, कौंधियारा होते हुए देवरा गांव के पाटलेश्वर महादेव मंदिर तक की 50 किलोमीटर की लंबी यह यात्रा कार्यकर्ताओं ने भारत मां की जय और जय श्री राम के घोष के साथ तय की। इस कार्यक्रम को नगर संघचालक फूल सिंह ने भगवा झंडा दिखाकर रवाना किया। यात्रा में कुल 51 स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के संयोजक शिवांक सिंह ने बताया कि युवाओं को पर्यावरण बचाने एवं ऐसे नियमित अभ्यासों से उन्हें स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से यह यात्रा आयोजित की गई। रास्ते में कई जगहों पर इन कार्यकर्ताओं का स्वागत पुष्पवर्षा कर किया गया। गंतव्य स्थल पर पहुंचने के बाद वहां सफाई अभियान चलाया गया और मंदिर परिसर की सफाई की गई। इसके बाद सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

विश्वविद्यालय नगर के विद्यार्थी कार्यवाह ओंकार ने कहा कि इतनी लंबी यात्रा में सभी ने एक-दूसरे का उत्साहवर्धन किया और इसे सफल बनाया। यहां आकर सभी ने टोंस नदी में स्नान किया उसके बाद सहभोज किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय नगर के नगर प्रचारक संदीप, विद्यार्थी सह कार्यवाह नंदीश, अभिनव मिश्र, युवराज बुंदेला, भास्कर त्रिपाठी, विवेक मिश्र, भव भारत, आलोक ज्वाला आदि मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) /विद्या कान्त

Most Popular

To Top