RAJASTHAN

आरसीए को आठ अप्रैल को मिलेगा स्थाई अध्यक्ष, तय मानी जा रही है् धनंजय सिंह की ताजपोशी

आरसीए भवन।

जयपुर, 17 मार्च (Udaipur Kiran) । राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को आठ अप्रैल को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। मुख्य चुनाव अधिकारी सुनील अरोड़ा ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। नामांकन, स्क्रूटनी और नाम वापसी के बाद आठ अप्रैल को मतदान और उसके बाद परिणाम जारी होगा। आरसीए के अध्यक्ष पद पर चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह खींवसर की ताजपोशी तय मानी जा रही है। हालांकि, आरसीए पदाधिकारियों की सूची से भाजपा नेता पराक्रम सिंह और बृज किशोर उपाध्याय का नाम हटाने की वजह से चुनाव के ऐलान के साथ ही विवाद शुरू हो गया है।

घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 27 से 29 मार्च तक मतदाता सूची पर आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। एक और दो अप्रैल को सूची की आपत्तियों पर सुनवाई होगी। तीन अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। चार अप्रैल को सुबह 11 से शाम पांच बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। पांच अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। छह अप्रैल को योग्य उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। सात अप्रैल को शाम पांच बजे तक नाम वापसी हो सकेंगी। अगर अध्यक्ष पद के लिए एक ही नामांकन आया तो सात अप्रैल को ही परिणाम आ जाएगा। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर आठ अप्रैल को सुबह 10 बजे से दोपहर एक तक मतदान होगा। आठ अप्रैल को मतदान के ठीक बाद परिणाम जारी कर दिया जाएगा।

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए हेल्थ मिनिस्टर गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह खींवसर की ताजपोशी तय मानी जा रही है। क्योंकि पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और भाजपा खेल प्रकोष्ठ के संयोजक बृज किशोर उपाध्याय का आरसीए पदाधिकारियों की सूची से नाम हटाने के बाद धनंजय सिंह के सामने कोई मजबूत उम्मीदवार फिलहाल नहीं है। इसके साथ ही राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की मौजूदा कार्यकारिणी में अपना वर्चस्व रखने वाले भवानी सामोता और नागौर सेक्रेटरी राजेंद्र सिंह नांदू भी धनंजय सिंह के साथ खड़े हैं। इन दोनों की वजह से ही धनंजय सिंह को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। अब यह दोनों अपने समर्थक जिला क्रिकेट संघों के साथ मिलकर धनंजय सिंह खींवसर को परमानेंट अध्यक्ष बनाने की रणनीति बनाने में जुटे हैं।

भाजपा के खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक और दौसा जिला क्रिकेट संघ के सेक्रेटरी बृज किशोर उपाध्याय ने कहा कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया पूरी तरीके से गलत है। आनन – फानन में चुनाव का नोटिस जारी कर कांग्रेसी कार्यकारिणी अपने काले कारनामों को छिपाने की कोशिश में जुटी है, लेकिन मैं ऐसा नहीं होने दूंगा। गलत चुनाव प्रक्रिया को लेकर न सिर्फ मुख्य चुनाव अधिकारी सुनील अरोड़ा को आपत्ति दर्ज कराऊंगा, बल्कि, जरूरत होने पर कोर्ट भी जाऊंगा। मैं किसी भी सूरत में भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में नहीं रहने दूंगा। इससे पहले नौ मार्च को जयपुर के केएल सैनी स्टेडियम में धनंजय सिंह को आरसीए का कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया था। इस दौरान वैभव गहलोत के इस्तीफे को स्वीकार किया गया था। इसके बाद अब आरसीए के सैक्रेटरी भवानी सामोता ने आठ अप्रैल को चुनाव कराने का ऐलान किया है।

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में अध्यक्ष पद के लिए मौजूदा कार्यकारिणी में से कोई भी पदाधिकारी चुनाव लड़ सकता है। प्रदेश में फिलहाल 33 जिला संघ है। इनमें जयपुर में एडहॉक कमेटी बनी हुई है। ऐसे में फिलहाल 32 जिला संघ के 96 पदाधिकारी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ सकते हैं, जबकि 33 जिला संघ के सचिव अध्यक्ष पद के लिए अपना वोट दे सकते हैं।

(Udaipur Kiran) /रोहित/ईश्वर

Most Popular

To Top