RAJASTHAN

लोकसभा चुनाव : दूसरे चरण के 13 लोकसभा क्षेत्रों की एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रकाशन

चुनाव

जयपुर, 5 अप्रैल (Udaipur Kiran) । राजस्थान में लोकसभा आम चुनाव-2024 के लिए दूसरे चरण के 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के लिए मतदाता सूचियां प्रकाशित की गई हैं। ये सूचियां विभाग की वेबसाइट ceorajasthan.nic.in पर उपलब्ध हैं। इन सूचियों के अनुसार, इन 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 2 करोड़ 80 लाख 78 हजार 399 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 26 हजार 837 सर्विस वोटर हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को प्रकाशित मतदाता सूचियों के अनुसार दूसरे चरण में मतदान वाले 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 1 करोड़ 44 लाख 48 हजार 966 पुरुष, 1 करोड़ 36 लाख 2 हजार 272 महिला और 324 थर्ड जेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। 18-19 वर्ष आयु के 8 लाख 66 हजार 325 नव मतदाता पंजीकृत हैं। पंजीकृत दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 3 लाख 22 हजार 829 और 85 वर्ष से अधिक आयु के 3 लाख 1 हजार 742 मतदाता पंजीकृत हैं। पाली में सर्वाधिक 23 लाख 48 हजार 274 मतदाता पंजीकृत हैं। अजमेर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 19 लाख 99 हजार 399 मतदाता पंजीकृत हैं।

द्वितीय चरण के लिए मतदाताओं के आंकडे

द्वितीय चरण में मतदान वाले 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 2 करोड़ 80 लाख 78 हजार 399 मतदाता पंजीकृत हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा आम चुनाव में इन क्षेत्रों में कुल 2 करोड़ 57 लाख 77 हजार 11 मतदाता पंजीकृत थे। अब इन क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या में 23 लाख 1 हजार 378 की वृद्धि हो गई है।

बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 69 हजार 258 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1 लाख 36 हजार 658 पुरुष, 1 लाख 32 हजार 599 महिलाएं और 1 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

गुप्ता ने बताया प्रदेश के सभी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर दिया गया है। लोकसभा आम चुनाव-2024 के लिए राजस्थान में कुल 5 करोड़ 35 लाख 8 हजार 10 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1 करोड़ 40 लाख 907 सर्विस वोटर हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा आम चुनाव के दौरान 4 करोड़ 89 लाख 56 हजार 634 मतदाता पंजीकृत हैं। प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या में 45 लाख 51 हजार 376 की वृद्धि हो गई है।

मतदाताओं की संख्या में 45.5 लाख की वृद्धि

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 25 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से पाली में सर्वाधिक 23 लाख 48 हजार 274 मतदाता पंजीकृत हैं। दौसा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 19 लाख 3 हजार 520 मतदाता है।

गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2019 के मुकाबले वर्ष 2024 में कुल मतदाताओं में सर्वाधिक वृद्धि बाड़मेर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में हुई है। बाड़मेर में 2 लाख 67 हजार 399, जयपुर ग्रामीण में 2 लाख 42 हजार 13, जालोर में 2 लाख 26 हजार 448, बांसवाड़ा में 2 लाख 25 हजार 239 और नागौर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 2 लाख 22 हजार 333 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2019 के मुकाबले कुल 45.5 लाख मतदाताओं की वृद्धि हुई है। इस अवधि में पुरुष मतदाताओं की संख्या में 23 लाख 13 हजार 653, महिलाओं की संख्या में 22 लाख 37 हजार 362 और थर्ड जेंडर मतदाताओं में 361 की वृद्धि हुई है।

मतदान केन्द्रों की संख्या 1161 बढ़ी

गुप्ता ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 में प्रथम चरण के मतदान के लिए 23,651 मतदान केन्द्र एवं 719 सहायक मतदान केन्द्रों को मिलाकर कुल 24,370 मतदान केन्द्र है। दूसरे चरण के मतदान के लिए 28,105 मतदान केन्द्र एवं 651 सहायक मतदान केन्द्रों को मिलाकर 28,756 मतदान केन्द्र है। इस तरह से प्रदेश में कुल 53,126 मतदान केन्द्र है। वहीं लोकसभा चुनाव 2019 में कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 51,965 थी। प्रथम चरण के लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में 2019 के चुनावों में 23,783 मतदान केन्द्र थे, इस तरह लोकसभा चुनाव-2024 में प्रथम चरण के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 587 मतदान केन्द्रों की बढ़ोतरी हुई है।

(Udaipur Kiran) / इंदु/संदीप

Most Popular

To Top