Uttrakhand

दुल्हन पक्ष के लोगों ने लालची दूल्हा और बारातियों को बनाया बंधक

चारपाई पर बंधक दुल्हें का पिता

हरिद्वार, 26 अप्रैल (Udaipur Kiran) । जनपद के भगवानपुर थाना में दूल्हे और बारातियों को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। दूल्हे ने दहेज में 15 बीघा जमीन की मांग की थी। दूल्हे की इस मांग को लड़की वालों ने मानने से इंकार कर दिया। जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया और लड़की वालों ने दूल्हे समेत पूरी बारात को बंधक बना लिया। दूल्हे के परिजनों ने करीब 20 लाख रुपये देकर अपनी जान छुड़ाई।

मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले युवक का रिश्ता भगवानपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती से हुआ था। 25 अप्रैल को वर पक्ष बारात लेकर दुल्हन के यहां पहुंचा। लड़की वालों की तरफ से दूल्हे को दहेज का सामान और उसकी पसंद की कार खरीदने के लिए करीब दस लाख रुपये नकद दिए गए थे, जिससे दूल्हे ने स्विफ्ट कार खरीदी थी। दूल्हे को दहेज में मिला कुछ सामान पसंद नहीं आया था, जिस पर दुल्हन के परिजनों ने वह सामान बदलकर दूसरा भेज दिया। इतना सब मिलने के बाद भी दूल्हे और उसके परिजनों की डिमांड खत्म नहीं हुई। 25 अप्रैल को शादी से पहले दूल्हे ने दहेज में 15 बीघा जमीन की और मांग कर दी, जिस पर दुल्हन के परिवार के लोगों को गुस्सा आ गया। उन्होंने जमीन देने से इंकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। जिसके चलते लड़की वालों ने शादी से इंकार कर दिया। बताते हैं कि लड़की के माता-पिता नहीं हैं। उसकी शादी उसके ताऊ कर रहे थे।

मामला इतना बढ़ा कि लड़की के घर वालों ने दूल्हे के पिता को कमरे में बंद कर दिया और बारात को बंधक बनाकर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया। इसके बाद गांव के प्रतिष्ठित लोगों के साथ मिलकर बीच का रास्ता निकाला। लड़की वालों ने शादी के खर्च हुए रुपयों की मांग लड़के वालों के आगे रखी। आखिर में 20 लाख रुपये में मामला तय हुआ। जिसके बाद बिना दुल्हन के ही बारात बैरंग लौट गई।

(Udaipur Kiran) / रजनीकांत/सत्यवान

Most Popular

To Top