RAJASTHAN

भाजपा के 45वें स्थापना दिवस पर प्रदेशाध्यक्ष जोशी ने कपासन में फहराया झंडा, कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं

कपासन में ताणा शक्ति केन्द्र पर पार्टी का झंडा फहराते प्रदेशाध्यक्ष।

चित्तौड़गढ़, 6 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ लोकसभा से प्रत्याशी सीपी जोशी ने शनिवार को भाजपा के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर कपासन में ताणा शक्ति केन्द्र पर पार्टी का झंडा फहराया और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कपासन विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क किया। जोशी ने सभी कार्यकर्ताओं को विश्व की सबसे बड़ी और मजबूत पार्टी का सदस्य होने की बधाई देते हुए कहा कि छह अप्रैल 1980 के दिन पार्टी की स्थापना हुई थी। अंत्योदय, राष्ट्रवाद, राम मंदिर निर्माण और धारा 370 हटाने सहित जिन विचारों को लेकर पार्टी की स्थापना हुई थी उन पर चलते हुए मजबूत नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के कठोर परिश्रम के कारण इतने कम समय में भाजपा विश्व का सबसे बड़ा और मजबूत राजनीतिक संगठन बना, यह हमारे लिए गौरव की बात है। जिन विषयों को जनसंघ के समय से उठाया जा रहा था जनता ने उन्हें पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार में पूरा होते देखा। भाजपा की नीति, नीयत और मजबूत नेतृत्व के कारण जनता ने फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार के नारे को मूर्तरूप देने का मन बना लिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार में जनता ने सपनों को पूरे होते देखा है, प्रदेश की जनता ने यह भी देखा कि किस प्रकार पूर्व की कांग्रेस सरकार झूठ बोलकर सत्ता में आई, पांच साल तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति की, जनहित के काम नहीं किए। कांग्रेस की रीति-नीति और कमजोर नेतृत्व के कारण विधानसभा चुनाव में जनता ने भाजपा के मजबूत नेतृत्व को चुना अब लोकसभा चुनाव में भी सभी सीटों पर कमल खिलाने को आतुर है। भाजपा को सभी 25 सीटों पर प्रचंड बहुमत मिले इसके लिए हमें बूथ के हर घर, हर मतदाता तक पहुंचना है और मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के पत्रक देकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राम-राम कहनी है। मतदान दिवस तक कम से कम तीन बार हर मतदाता के पास जाना है और राष्ट्र हित में भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आग्रह करना है और सुनिश्ति करना है कि चुनाव के दिन भाजपा का हर मतदाता बूथ तक पहुंचे।

(Udaipur Kiran) /रोहित/ईश्वर

Most Popular

To Top