RAJASTHAN

मंत्री किरोड़ीलाल का दावा राजस्थान की सभी 25 सीटों पर भाजपा जीतेगी

कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा

दौसा, 17 मार्च (Udaipur Kiran) । कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा का कहना है कि भाजपा इस बार देश में नहीं, बल्कि राजस्थान में भी हैट्रिक बनाएगी। तीसरी बार भी प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीट भाजपा के खाते में आएगी।

जिला अस्पताल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी कर प्रदेश के 67 लाख युवाओं के साथ धोखा किया। लेकिन, भाजपा की प्रदेश में सरकार बनी तो पेपर लीक माफिया पर एक्शन दिखाई दे रहा है। किसान, युवा, मजदूर, महिलाएं हो या फिर आमजन सभी के हित को ध्यान में रखते हुए डबल इंजन सरकार ने काम किए हैं। ऐसे में जनता का मन भाजपा के साथ है। उन्होंने लोकसभा चुनाव के सवाल पर कहा कि ईआरसीपी और यमुना जल समझौते ने प्रदेश की पानी की समस्या को दूर कर दिया है। इस पर कांग्रेस ने पिछले पांच साल तक लगातार राजनीति की। भाजपा की डबल इंजन सरकार बनते ही इस मसले का समाधान हुआ और प्रदेश की जनता को राहत दी है।

लोकसभा चुनाव से पहले नेताओं द्वारा दल-बदल के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोई भी सांसद-विधायक दल बदल कानून के तहत ऐसा नहीं कर सकते हैं, लेकिन जो निर्वाचित जनप्रतिनिधि नहीं हैं, वह किसी भी पार्टी में जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग मौका परस्त होते हैं और यह दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन कुछ अच्छे लोग भी होते हैं जो पार्टी बदलते हैं और ऐसे अच्छे लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं, अच्छे लोगों का सभी पार्टियां स्वागत करती हैं। मंत्री ने जिला अस्पताल में हेल्थ चैकअप भी कराया।

(Udaipur Kiran) /रोहित/ईश्वर

Most Popular

To Top