HEADLINES

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बोले मनोज तिवारी, कहा- जो जैसा करता है, वैसा ही भरता है

होली मिलन

नई दिल्ली, 22 मार्च (Udaipur Kiran) । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि जो जैसा करता है, वैसा ही भरता है। दिल्ली वालों को लूटने वाले व्यक्ति के जेल जाने से जनता बेहद खुश है।

शुक्रवार को होली मिलन कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान मनोज तिवारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल खुद हाई कोर्ट गए थे, जिन्होंने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। जज ने यहां तक पूछा कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ सबूत होने के बाद भी वे कैसे खुलेआम घूम रहे हैं? उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी भाजपा पर आरोप लगा रही है लेकिन जमानत भाजपा नहीं बल्कि अदालतें देती हैं और मनीष सिसौदिया और सत्येन्द्र जैन को जमानत नहीं दी गई है। इतना सब होने के बाद भी उन्हें भाजपा को नहीं बल्कि अपने कर्मों को दोष देना चाहिए। उनकी गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के लोग जश्न मना रहे हैं।

लोकसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से होने वाले प्रभाव पर मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की जनता बेहद खुश है। भाजपा को पहले 56 प्रतिशत वोट मिले थे, इस बार 60 प्रतिशत से अधिक वोट प्रतिशत मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। जो कानून को तोड़ेगा उसे सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल ने वास्तव में दिल्ली के लोगों के लिए काम किया होता, और अपने लिए महल बनाने पर ध्यान केंद्रित नहीं किया होता, तो चीजें अलग हो सकती थीं।

(Udaipur Kiran) / विजयलक्ष्मी

Most Popular

To Top