Uttrakhand

मणिशंकर अय्यर का बयान कांग्रेस की कायराना सोच : महेंद्र भट्ट

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट। 

देहरादून, 10 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पाकिस्तान को लेकर दिए बयान को दुश्मनों के खिलाफ कांग्रेस की कायराना सोच दर्शाने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि देश में आज तुष्टिकरण नीति वाली कमजोर सरकार नहीं, बल्कि शत्रुओं को करारा जवाब देने वाली मजबूत सरकार है।

प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस भूल गई है कि ये नया भारत है जो दुश्मन देशों से डराने वालों को नहीं, बल्कि उन्हें हराने वालों के पक्ष में रिकॉर्ड मतदान कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेता के बयान को देशवासियों को पाकिस्तान के परमाणु बम से डराने की असफल कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि ये वो नीति है जिसके आधार पर कांग्रेस ने 60 वर्ष देश पर शासन किया। कांग्रेस के इसी डर ने पीओके को देश से अलग किया। ऐसी ही कायरता का परिणाम है कि भारत के वीर जवान मैदान में जिस युद्ध को जीतते थे और कांग्रेस सरकार बातचीत की टेबल पर उसे हार जाती थी।

उन्होंने कहा कि ये नया भारत है जो 56 इंच के सीने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुश्मनों का मुंह तोड़ जवाब देता है। जो आतंकवादी घटनाओं को छुपाता नहीं है बल्कि सर्जिकल स्ट्राइक कर उन्हें उनके घर में घुस कर मरता है। मोदी सरकार में एक तरफ जहां हमारे नागरिक देश में ही नहीं देश के बाहर भी सुरक्षित हैं, वहीं दूसरी तरफ देश के दुश्मन सीमा के अंदर ही नहीं सीमा की दूसरी तरफ भी सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व के उन चंद शक्तिशाली देशों में शामिल है, जिनकी राय के बिना विश्व का कोई भी आर्थिक सामरिक निर्णय लिया जाना संभव नहीं है। हथियारों के आयात के लिए पहचाने जाने वाला भारत अब विश्व को हथियार निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस की यह देश विरोधी नीति, जनता देख रही है।

(Udaipur Kiran) /राजेश

Most Popular

To Top