Madhya Pradesh

महाशिवरात्रि: आज रात ढाई बजे खुलेंगे महाकाल मंदिर के पट, लगातार 44 घंटे होंगे दर्शन

महाशिवरात्रि: आज रात ढाई बजे खुलेंगे महाकाल मंदिर के पट, लगातार 44 घंटे होंगे दर्शन
महाशिवरात्रि: आज रात ढाई बजे खुलेंगे महाकाल मंदिर के पट, लगातार 44 घंटे होंगे दर्शन

भोपाल, 07 मार्च (Udaipur Kiran) । शुक्रवार को देशभर में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर शिव मंदिरों में विशेष आयोजन होंगे। उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर के पट गुरुवार-शुक्रवार की दरिमयानी रात 2.30 बजे खुल जाएंगे। इसके बाद श्रद्धालु लगातार 44 घंटे भगवान महाकाल के दर्शन कर सकेंगे। इस दौरान गर्भगृह में भगवान के अभिषेक-पूजन का क्रम सतत जारी रहेगा। नौ मार्च को शयन आरती के बाद रात 11 बजे मंदिर के पट पुन: बंद होंगे। दावा किया जा रहा है कि महाशिवरात्रि पर करीब 12 लाख श्रद्धालु उज्जैन पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन करेंगे।

महाकालेश्वर मंदिर समिति के प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात 2.30 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद भस्म आरती होगी। शुक्रवार सुबह 7.30 बजे बालभोग (दद्योदक) तथा सुबह 10.30 बजे भोग आरती होगी। दोपहर 12 बजे तहसील की ओर से शासकीय पूजन होगा। शाम चार बजे होलकर व सिंधिया स्टेट की ओर से पूजा की जाएगी। शाम 7.30 बजे संध्या आरती में भगवान को गर्म मीठे दूध का भोग लगाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शाम सात बजे से कोटितीर्थ कुंड के समीप स्थित भगवान श्री कोटेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि की महापूजा शुरू होगी। पुजारी कोटेश्वर महादेव का अभिषेक-पूजन कर सप्त धान अर्पित करेंगे। उसके बाद पुष्प मुकुट सजाकर आरती की जाएगी। इसके बाद रात 11 बजे से गर्भगृह में महानिशा काल में महाकाल की महापूजा शुरू होगी, जो अगले दिन नौ मार्च को सुबह छह बजे तक चलेगी। इस दौरान भगवान महाकाल पंचामृत, फलों के रस, गुलाब जल, भांग आदि से अभिषेक-पूजन किया जाएगा।

भगवान के शीश पर सवामन फल व फूलों से बना पुष्प मुकुट सजाया जाएगा। सोने-चांदी के आभूषणों से भगवान का शृंगार होगा। भगवान पर चांदी का सिक्का व बिल्व पत्र न्योछावर किया जाएगा। भगवान को फलों का भोग लगाकर आरती की जाएगी। सेहरा दर्शन के उपरांत साल में एक बार दिन में दोपहर 12 बजे होने वाली भस्म आरती होगी। भस्म आरती के बाद भोग आरती होगी और शिवनवरात्र का पारणा होगा। रात 10.30 बजे शयन आरती के बाद रात 11 बजे मंदिर के पट बंद होंगे। इसके साथ ही महाशिवरात्रि पर्व संपन्न होगा।

ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर के पट 24 घंटे खुले रहेंगे

वहीं, खंडवा के ओंकारेश्वर स्थित प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर-ममलेश्वर मंदिर में भी पर्व को लेकर तैयारी जारी है। महाशिवरात्रि पर एक लाख से अधिक भक्तों के आने का अनुमान है। मंदिर ट्रस्ट के व्यवस्थापक पं. आशीष दीक्षित के अनुसार आठ मार्च को तड़के तीन बजे मंदिर के पट भगवान के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। इसके बाद लगातार 24 घंटे भक्त दर्शन कर सकेंगे।

रोशनी से जगमगाया पशुपतिनाथ मंदिर, सुबह चार बजे से होंगे दर्शन

वहीं, मंदसौर स्थित भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर भी महाशिवरात्रि पर्व के तहत आकर्षक रोशनी से जगमगमा रहा है। पर्व पर पशुपतिनाथ मंदिर के पट सुबह चार बजे से ही खुल जाएंगे और दर्शन प्रारंभ हो जाएंगे। जो अगले 33 घंटे तक खुले ही रहेंगे। इस दौरान भक्त लगातार दर्शन कर सकेंगे। सीसीटीवी कैमरों से भी पूरी व्यवस्था और सुरक्षा पर नजर रखी जएगी। दिनभर में 50 हजार से अधिक भक्त दर्शन करने के लिए पहुंचने का अनुमान है।

(Udaipur Kiran) /आकाश

Most Popular

To Top