Chhattisgarh

लोकसभा चुनाव : पूरे प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बन रही : दीपक बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की पत्रकारवार्ता।

रायपुर, 5 मई (Udaipur Kiran) । प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुये कहा कि तीसरे चरण क़े चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन है। हमारे छत्तीसगढ़ के सात सीटों के लिये सात मई को मतदान होना है। दो चरणों में चार लोकसभा क्षेत्रों का मतदान हो चुका है।

पहले दो चरणों के मतदान में छत्तीसगढ़ चार सीटों के साथ पूरे देश में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के लिये मतदाताओं का रुझान साफ दिखा।

तीन चरणों के मतदान के रुझान के बाद भाजपा नेता घबरा गये, उनके भाषणों का रुख बदल गया। वे अपनी 10 साल की कोई भी उपलब्धि नहीं बता पा रहे हैं। चुनाव को हिन्दू, मुस्लिम, मंगलसूत्र, मछली, मटन, मीट तक ले जाने की तमाम कोशिशें भाजपा ने किया।

इस चुनाव के प्रचार को कांग्रेस पार्टी ने सकारात्मकता के साथ किया। हमने अपने न्याय पत्र को जनता के सामने रखा है। यही कारण है कि देश भर में जनता बदलाव के लिये मतदान कर रही है। किसान, मजदूर, महिलाएं देश में कांग्रेस की सरकार बनाने लामबंद है। किसान, मजदूर भी केंद्र में बदलाव के पक्षधर हो गये है। जनता को कांग्रेस के वादों से आशा की नई किरण दिख रही है।

कांग्रेस ने कुल पांच न्याय की गारंटी दिया है। नारी न्याय, युवा न्याय, किसान न्याय, मजदूर न्याय और भागीदारी न्याय पांचो न्याय घोषित होने के बाद से ही देश के हर वर्ग के मतदाताओं में कांग्रेस के प्रति नजरिया बदला है लोगों को कांग्रेस की सरकार में अपना भविष्य दिख रहा है।

कांग्रेस ने किसानों से वादा किया है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी देगी, इसके लिये संसद में कानून बनाया जायेगा। स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों के अनुसार समर्थन मूल्य निर्धारण करेगी।

कांग्रेस ने कृषि उत्पादों को, कृषि उपकरणों को जीएसटी के दायरे से बाहर लाने का वादा किया है। कांग्रेस के भागीदारी न्याय के वादे से वंचित वर्गों का भरोसा कांग्रेस के प्रति बढ़ा है, लोग कांग्रेस की सरकार बनाने क़े लिए मतदान करने वाले हैं।

(Udaipur Kiran) / चंद्रनारायण शुक्ल/गायत्री

Most Popular

To Top