Chhattisgarh

लोकसभा चुनाव -मोदी को चुनने महेश कश्यप को चुने:किरण सिंह देव

मोदी को चुनने महेश कश्यप को चुने:किरण सिंह देव

जगदलपुर /रायपुर, 27 मार्च (Udaipur Kiran) ।बुधवार को बस्तर की लोकसभा सीट के लिए आयोजित नामांकन दाखिला रैली को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि जिस तरह विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मतदाताओं का आशीर्वाद मिला और छत्तीसगढ़ में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज कर सरकार बनाई, उसी तरह लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों को जिताकर हमें संसद में भेजना है।

उन्होंने कहा कि ये चुनाव मोदी का है और हम सभी को मिलकर तीसरी बार मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना है। क्योंकि ‘मोदी है तो मुमकिन है।’ केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाएं आज प्रधानमंत्री श्री मोदी की बदौलत छत्तीसगढ़ की जनता के पास पहुंच रही हैं। हमारा देश सर्वोच्च शिखर की ओर बढ़ रहा है।

जिनके ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं उनको कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बनाया है – अरुण साव

सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि एक तरफ भाजपा ने गरीब के किसान के बेटे महेश कश्यप को अपना प्रत्याशी बनाया है, तो वहीं कांग्रेस पार्टी ने कवासी लखमा को अपना प्रत्याशी बनाया है जिन्होंने बस्तर की जनता का हक मारा है और जिनके ऊपर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे हैं। लोकसभा चुनाव में दादी यहां चुनाव लड़ने आ रहे हैं, और दादी को चुनाव में हराकर वापस कोंटा भेजना है।

500 साल की प्रतीक्षा के बाद भगवान श्रीरामचंद्र जी का भव्य मंदिर अयोध्या में बना – विजय शर्मा

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में हमने चूक कर दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के लिए एक कमल बस्तर से जाना चाहिए था, वह नहीं जा पाया था। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने छत्तीसगढ़ और विशेषकर बस्तर की चिंता की। मोदी सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि 2014 से पहले कानपुर, लखनऊ, दिल्ली, मुंबई, जयपुर में बम फूटा करते थे। देश में 2014 के बाद कोई बम नहीं फूटा है। आज पूरे भारत में आंतरिक सुरक्षा है। जम्मू-कश्मीर से 370 की धारा हटा दी गई है। ऐसे कई बड़े-बड़े काम हुए हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में शांति आई है। अयोध्या में 500 साल की प्रतीक्षा के बाद भारतीय जनचेतना के प्रतीक भगवान श्रीरामचंद्र जी का भव्य मंदिर बना है। आज उनके दर्शन के लिए दुनियाभर से लोग आ रहे हैं।

संसद में बस्तर की आवाज बनेंगे महेश कश्यप – रामविचार नेताम

प्रदेश सरकार के मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में बस्तर से महेश कश्यप को जिताकर तीसरी बार श्री मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। छत्तीसगढ़ को मोदी की गारंटी पर भरोसा है। आज उनकी गारंटी पर छत्तीसगढ़ के 18 लाख लोगों के पीएम आवास का सपना पूरा होने जा रहा है। किसानों को धान खरीदी प्रति क्विटंल 3100 रूपये, दो साल का बकाया बोनस का भुगतान किया गया। उन्होंने कहा कि महेश कश्यप संसद में बस्तर की आवाज बनकर कार्य करेंगे।

सामान्य कार्यकर्ता को लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाना भाजपा में ही संभव है- महेश कश्यप

भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप ने कहा कि मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता को लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाना भाजपा में ही संभव है। स्व. अटलबिहारी बाजपेयी के सपने को साकार करते हुए हम 138 साल पुरानी कांग्रेस से बस्तर को मुक्त बनाएंगे। स्व. बलीराम कश्यप के नेतृत्व में कांग्रेस के खिलाफ लड़ाई लड़ते रहे। आज कांग्रेस को लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी नहीं मिल पा रहे हैं। भूपेश बघेल को अपने क्षेत्र के बजाय दूसरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाया जा रहा है।

आमसभा में छत्तीसगढ़ भाजपा के सह प्रभारी नितिन नबीन, वन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर कलस्टर प्रभारी एवं मुख्य प्रदेश प्रवक्ता अजय चंद्राकर, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी, चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक शिवरतन शर्मा, विधायक विक्रम उसेंडी, पूर्व मंत्री महेश गगड़ा, जिलाध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, चैतराम अटामी, दीपेश अरोरा, कांकेर सांसद मोहन मंडावी, ओजस्वी मंडावी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) /केशव शर्मा

Most Popular

To Top