Uttrakhand

लोकसभा चुनाव: भाजपा राज्य के सात हजार स्थानों पर आयोजित करेगी नुक्कड़ सभाएं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ।

-मुख्यमंत्री,सांसद,मंत्री,विधायक होंगे शामिल

-लाभार्थी संपर्क अभियान में उत्तराखंड चौथे स्थान पर

-धामी सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर आयोजित होंगे विशेष कार्यक्रम

देहरादून, 21 मार्च (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकसभा चुनाव में बड़ी चुनावी सभाओं के साथ नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर प्रचार को धार देगी। इसके लिए राज्य के सात हजार स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित की जाएगी। इस नुक्कड़ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक सहित सभी पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके साथ ही चुनाव की दृष्टि से धर्म संस्कृति,खिलाड़ी सहित विभिन्न आयाम के सम्मेलनों अलग-अलग स्थानों पर व्यापक स्तर पर आयोजित कर मतदताओं को साधने का काम भाजपा करेगी।

हरिद्वार रोड स्थित भाजपा के राज्य स्तरीय मीडिया सेंटर में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र ने मीडिया बीफ्रिंग में सांगठनिक कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान महेंद्र भट्ट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से हुई वर्चुअल बैठक की जानकारी देते हुए बताया की प्रदेश में बड़ी जनसभाओं के अलावा नुक्कड़ सभाओं को भी बड़े पैमाने पर किया जाएगा। प्रति विधानसभा 100 के अनुसार कुल 7000 नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया जाएगा। जिसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष,मंत्री, विधायक,पदाधिकारी समेत 7000 कार्यकर्ता अनिवार्य रूप से शिरकत करेंगे।

उन्होंने बताया कि चुनाव की दृष्टि से विभिन्न आयाम के सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इसी के तहत पूर्व सैनिकों का सम्मेलन देहरादून, श्रीनगर, हल्द्वानी और रुड़की में आयोजित किया जाएगा। वकीलों और विधि विशेषज्ञों से संपर्क का कार्यक्रम सभी जिला मुख्यालयों व जहां-जहां पर उनकी संख्या अधिक हो सकती है वहां पर किया जाएगा। सेवानिवृत कर्मचारी, वह राज्य के हो या केन्द्र के इन सभी के बीच पार्टी देहरादून हल्द्वानी,हरिद्वार में इस कार्यक्रम के माध्यम से संपर्क करेगी।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि खिलाड़ियों को रिजर्वेशन देकर हमारी सरकार ने आगे बढ़ने का काम किया है। लिहाजा प्रतिभावान खिलाड़ियों और उससे जुड़े वर्गों के सुझाव ऑन को भी ऐसे सम्मेलनों के माध्यम से देहरादून ,हल्द्वानी में एकत्र किया जाएगा। चिकित्सकों के साथ देहरादून,ऋषिकेश,रुड़की,हल्द्वानी,काशीपुर में मुलाकात की जाएगी। धर्म संस्कृति सम्मेलनों के तहत कथा वाचक व्यास पांडा समुदाय पुजारी समुदाय व पूजा पद्धति से जुड़े लोगों से हरिद्वार, ऋषिकेश, जोशीमठ और देवप्रयाग में चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि संकल्प पत्र एकत्रीकरण का 26 अप्रैल को प्रदेश स्तर पर सभी सुझाव प्राप्त हो जाएंगे। संकल्प रथ, संकलन कमेटी, विभिन्न कार्यक्रमों व ऑनलाइन से प्राप्त हुए सभी सुझावों को, संकल्प पत्र कमेटी की ओर से प्रदेश व राज्य के मुद्दों के हिसाब से अलग-अलग किया जाएगा। इन सुझावों को केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा जाएगा, जिसके आधार पर पार्टी का घोषणा पत्र तैयार होगा।

धामी सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर होने वाले विशेष कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सभी संगठन की ओर से अपने जिला मुख्यालयों पर पत्रकार वार्ता व गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों में लोकसभा प्रभारी, सह प्रभारी, लोकसभा संयोजक, सहसंयोजक, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी अनिवार्य रूप से शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि देहरादून महानगर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तरकाशी में प्रेमचंद अग्रवाल व आदित्य कोठारी, चमोली में गणेश जोशी, रुद्रप्रयाग में सतपाल महाराज, टिहरी में सुबोध उनियाल, देहरादून ग्रामीण में माला राज्य लक्ष्मी शाह,ऋषिकेश में नरेश बंसल, हरिद्वार में डॉक्टर रमेश पोखरियाल निशंक, रुड़की में त्रिवेंद्र सिंह रावत पौड़ी में डॉक्टर धन सिंह रावत एवं पुष्कर काला, पिथौरागढ़ में अजय टम्टा,कोटद्वार में तीर्थ सिंह रावत, बागेश्वर में खिलेंद्र चौधरी,रानीखेत में राजेंद्र बिष्ट, अल्मोड़ा में रेखा आर्य, चंपावत में सुरेश जोशी, नैनीताल में अजय भट्ट,काशीपुर में बंशीधर भगत, उधम सिंह नगर में सौरभ बहुगुणा होंगे।

शक्ति केंद्र के कार्यक्रम 22 मार्च तक पूर्ण:

उन्होंने बताया कि शक्ति केंद्र के कार्यक्रम 22 मार्च तक पूर्ण हो जाएंगे। जिसके तहत शक्ति केंद्र के अंतर्गत आने वाले 5 से 6 वोटो पर बूथ टोली के साथ बैठकर ए ,बी,सी,डी की ग्रेडिंग की जा रही है। इसके बाद बूथ स्तर तक के कार्यक्रम होंगे। ऐसे 11729 भूतों के कार्यकर्ता तय किए गए हैं, जो प्रदेश अध्यक्ष से लेकर पन्ना प्रमुख तक सभी हो सकते हैं। इस दौरान हमारी कोशिश होगी बूथ को विजय बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता से संपर्क किया जाए।

आलम अंसारी सबसे अधिक लोगों से किया संपर्क:

प्रदेश अध्यक्ष ने लाभार्थी संपर्क अभियान की सफलता पर खुशी जताते हुए बताया कि 270 मंडलों में 5040 कार्यकर्ताओं के अध्यक्ष प्रयास से अब तक 102785 से संपर्क किया गया है। उत्तराखंड इस अभियान में देशभर में चौथे स्थान पर आया है, अब आगे इसे बूथ स्तर तक ले जाते हुए इसमें गुणात्मक लाया जाएगा । उन्होंने बताया की प्रति कार्यकर्ता 10 लाभार्थी के लक्ष्य के सापेक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष जफर आलम अंसारी द्वारा सबसे अधिक 87 लोगों से संपर्क किया गया। इसके अतिरिक्त किसान मोर्चा के श्रीमती अंजू देवी ने 81 एवं युवा मोर्चा के डॉ नीरज पंत ने 80 लोग लाभार्थियों से संपर्क किया।

”मैं भी हूं पन्ना प्रमुख” कार्ययोजना के साथ उतरेगी भाजपा:

अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी इन चुनाव में एक नए अभियान में”मैं भी हूं पन्ना प्रमुख” कार्ययोजना के साथ उतर रही है। जिसके तहत बूथ संपर्क की स्थिति तक प्रत्येक पन्ने पर जो भी पदाधिकारी का नाम दर्ज होगा,वह वहां की बैठकों में शामिल होगा। साथ ही पन्ना प्रमुख पाने के साथ सेल्फी खींचकर सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी को अपलोड करेगा।

स्थापना दिवस पर हर घर कमल:

पार्टी की स्थापना दिवस 06 अप्रैल को प्रत्येक कार्यकर्ता हर घर कमल के नारों के साथ मनाएगा। इस दौर हर कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाएगा। इसके बाद 06 से 12 अप्रैल तक अंबेडकर जयंती तक व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 80 वर्ष से अधिक उम्र वाले 154259 और 100 वर्ष से उम्र वाले 1411 मतदाताओं से आशीर्वाद प्राप्त किया जाएगा।

इस मौके पर प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक व राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता सुनीता विद्यार्थी कमलेश रमन,अजीत नेगी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) /राजेश

Most Popular

To Top