Uttrakhand

जेल जाने के डर से नेता छोड़ रहे पार्टी : करन माहरा

जेल जाने के डर से नेता छोड़ रहे पार्टी, कांग्रेस अध्यक्ष बोले- अपराध युक्त पार्टी है भाजपा

– डर दिखाकर लोगों को पार्टी में शामिल करने का लगाया आराेप

देहरादून, 18 मार्च (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड में इन दिनों कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं का सिलसिला बढ़ गया है। ऐसे में कांग्रेस अब भाजपा पर सवाल उठा रही है और डर दिखाकर लोगों को पार्टी में शामिल करने का आराेप लगाया है। कांग्रेस ने भाजपा से पूछा कि क्या इन लोगों पर मुकदमा चलेगा या नहीं।अभी हाल ही में कांग्रेस के विधायक राजेंद्र भंडारी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने भंडारी पर आरोप लगाया कि जांच बैठी तो वे भाजपा में चले गए।

प्रदेश कार्यालय में सोमवार को प्रेसवार्ता में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि मुकदमों और जेल जाने के डर से ही कांग्रेस नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। माहरा का कहना है कि भाजपा ने एक ऐसी वाशिंग मशीन बनाई है जिसमें डालने के बाद जिनको भाजपा दागी नेता कहती है वही बाद में क्लीन होकर निकलते हैं यानी भाजपा में शामिल होते ही वही नेता पाक साफ हो जाते हैं। ये भाजपा का चाल चरित्र और चेहरा है, जो सबके सामने जाहिर हुआ है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के बयान पर पलटवार

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान, कांग्रेस के और भी नेता भाजपा के संपर्क में हैं, पर करन माहरा ने पूछा कि ऐसे कौन से नेता हैं, भाजपा उन्हें भी बताए। अगर कोई है भी तो वह भी डरा होगा या उसकी फाइल भी भाजपा के पास होगी। जेल जाने का डर होगा, तभी वह ऐसा कदम उठाएगा।

वाशिंग में डाली कांग्रेस छोड़ भाजपा से हाथ मिलाने वालों की तस्वीर

कांग्रेस छोड़ भाजपा से हाथ मिलाने वालों की तस्वीर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने वाशिंग मशीन में डाल दिया। वाशिंग का नाम रखा था- पापियों की पसंद भाजपा, वाशिंग मशीन भाजपा।

(Udaipur Kiran) /कमलेश्वर शरण/सत्यवान

Most Popular

To Top