RAJASTHAN

कांग्रेस मजबूत नहीं रही तो उत्तर कोरिया, चाइना जैसे हो जाएंगे हालात : गहलोत

सुमेरपुर रोड स्थित एक रिसोर्ट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत।

पाली, 24 मार्च (Udaipur Kiran) । पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देश में वर्तमान हालात खतरनाक मोड़ पर हैं। दो-दो मुख्यमंत्री जेल में हैं। ईडी, सीआईडी और इनकम टैक्स का दुरुपयोग कर विपक्ष में भय का माहौल पैदा किया जा रहा है। देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इतना समझ लें कि देश भर में हवा चल रही है कि इस बार भाजपा भारी बहुमत से जीत दर्ज करती है तो अगला चुनाव होगा या नहीं, यह भी तय नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत रविवार को सुमेरपुर रोड स्थित एक रिसोर्ट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। वे कांग्रेस से लोकसभा प्रत्याशी संगीता बेनीवाल के समर्थन में प्रचार करने पाली आए थे।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सभी खुद को प्रत्याशी समझें और चुनाव में अभी से जुट जाएं। ताकि इस बार पिछली लोकसभा से अलग परिणाम देखने को मिले। क्योंकि हम यानी कांग्रेस मजबूत नहीं रही तो देश में उत्तर कोरिया, चाइना और रशिया जैसे हाल हो जाएंगे। चुनाव होंगे या नहीं यह भी सरकार तय करेगी और प्रत्याशी कौन होगा यह भी सरकार तय करेगी। जो लोकतंत्र के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्रियों ने देश हित में बहुत काम किए, लेकिन वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनका नाम तक नहीं लेते। इंदिरा गांधी ने खालिस्तान नहीं बनने दिया। पाकिस्तान के दो टुकड़े करवा दिए, लेकिन उनके नाम का वर्तमान प्रधानमंत्री कोई जिक्र तक नहीं करते। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हजारों कांग्रेसी सनातन धर्म को मनाने वाले हैं, भगवान श्रीराम का नाम बचपन से लेते आ रहे हैं। स्थिति यह है कि हम सनानतधर्मी हैं या नहीं, इसका प्रमाण पत्र भी भाजपा वाले देने लगे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भीमराज भाटी ने पाली विधानसभा सीट जीतकर पाली जिले में कांग्रेस की बोहनी (शुरुआत) करवाने का काम किया है। अब इनकी जिम्मेदारी है कि यहां से लोकसभा सीट जितवाकर कांग्रेस का खाता खुलवाएं। पाली की पंचायत सच में भारी होती है। इसलिए वे इस बार किसी तरह की पंचायती नहीं करेंगे। बस पालीवासियों का साथ देंगे और जहां भी उनकी पैरवी करनी पड़ेगी। उसके लिए तैयार रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में पांच साल में बहुत जनहित के काम किए। जिसमें वृद्धजन पेंशन, महंगाई राहत शिविर, पानी की योजना, बिजली फ्री, निशुल्क मोबाइल दिए फिर भी सरकार नहीं बन पाई। क्योंकि चुनाव में भाजपा ने झूठे आरोप लगाए जिससे कांग्रेस को नुकसान हुआ। धर्म के नाम पर लोगों को भाजपा ने भटकाया। हमने विकास की बात पर वोट मांगे लेकिन उन्होंने अफवाह फैलाई कि कांग्रेस आ गई तो सनातन धर्म खतरे में पड़ जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीज दर्द, केवलचंद गुलेच्छा, शिशुपालसिंह राजुपरोहित, महावीरसिंह सुकरलाई, खुश्वीरसिंह जोजावर, सेवादल के देश अध्यक्ष हेमसिंह शेखावत, अभिमन्यु सिंह फालना, जबरसिंह राजपुरोहित, ऐश्वर्या सांखला, हरीशंकर मेवाड़ा सुमेरपुर, नीलम बिड़ला, प्रकाश सांखला, मोहन हटेला, सुमित्रा जैन, हकीम भाई, मेहबूब टी, यशपालसिंह कुम्पावत,ओमा चौधरी, आमीन अली रंगरेज सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) /रोहित/ईश्वर

Most Popular

To Top