Haryana

हिसार : पूर्व मंत्री हरिसिंह सैनी पंचतत्व में विलीन

अंतिम यात्रा में शामिल परिजन व अन्य गणमान्य व्यक्ति।

ऋषि नगर स्थित श्मशान घाट पर किया गया अंतिम संस्कार

मुख्यमंत्री की ओर से मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने अर्पित की पुष्पांजलि

हिसार, 11 अप्रैल (Udaipur Kiran) । हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं स्थानीय आर्य समाज के प्रधान समाजसेवी हरिसिंह सिंह सैनी पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका ऋषि नगर स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने सैनी को पुष्पांजलि अर्पित की।

गुरुवार को स्व. पूर्व मंत्री हरिसिंह सिंह सैनी की अंतिम यात्रा उनके निवास स्थान मोहल्ला सैनियान हिसार से दोपहर 12 बजे शुरू हुई और शहर के विभिन्न बाजारों, डोगरान बाजार से इंदिरा मार्किट, तेलियान पुल, राजगुरु मार्केट, आर्य समाज मार्केट में से होते हुए ऋषि नगर मुख्य बस स्टैंड के पास स्थित श्मशान घाट पहुंची। रास्ते में विभिन्न बाजारों में अनेक व्यापारी साथियों ने अपने प्रिय नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्प वर्षा कर उन्हें अंतिम विदाई दी।

राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने स्व. सैनी के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री का संदेश देकर ढांढस बंधाया। स्वामी आर्यवेश प्रधान सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा भारत एवं जिला प्रशासन की तरफ से तहसीलदार अनिल कुमार ने श्रद्धांजलि दी।

इसके अलावा रणजीत सिंह चौटाला, पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने सैनियान मोहल्ला स्थित उनके आवास पर पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। सैनी की अंतिम यात्रा में संपत सिंह, अतर सिंह सैनी पूर्व मंत्री हरियाणा, पूर्व सांसद डॉ. डीपी वत्स, चेयरमैन ईश्वर मालवाल, श्रमिक कल्याण बोर्ड के चेयरमैन नरेश जांगड़ा, पूर्व आयुक्त डॉ. युद्धवीर सिंह, सुनैना चौटाला के अलावा शहर के प्रमुख लोगों ने भी श्रद्धांजलि दी। पूर्व विधायक सैनी का बुधवार देर रात निधन हो गया था।

(Udaipur Kiran) /राजेश्वर

Most Popular

To Top