RAJASTHAN

देश की आधी आबादी मोदी को आशीर्वाद दे रही, कांग्रेस जवाब दे आखिर उन्होंने राम मंदिर निर्माण में रोड़े क्यों अटकाए : सी.पी.जोशी

देश की आधी आबादी मोदी को आशीर्वाद दे रही, कांग्रेस जवाब दे आखिर उन्होंने राम मंदिर निर्माण में रोड़े क्यों अटकाए : सी.पी.जोशी

श्रीगंगानगर, 27 मार्च (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सी.पी.जोशी ने बुधवार को कहा कि आज देश की आधी आबादी मोदी को आशीर्वाद दे रही है। उन्होंने कहा कि लोग कांग्रेस को वोट क्यों दे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जवाब दे कि आखिर उन्होंने राम मंदिर निर्माण में रोड़े क्यों अटकाए, क्या कारण था कि जम्मू कश्मीर में धारा 370 लगाई गई। जोशी ने कहा है कि जिस शक्ति के सामने सभी वंदन करते हैं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी उसी के खिलाफ लड़ने की बात करते हैं।

श्रीगंगानगर के नेहरू पार्क में भाजपा प्रत्याशी प्रियंका बैलाण के समर्थन में हुई नामांकन सभा में संबोधित करते हुए जोशी ने कहा कि भारत की नई संसद में पहला कानून आया है नारी शक्ति वंदन अधिनियम। इसमें लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण का लाभ देकर नारी शक्ति का सम्मान बढाया है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी कहते हैं कि हम शक्ति को खत्म कर देंगे। उन्होंने कहा कि शक्ति ताे वो है जिसके सामने सभी वंदन करते हैं। शक्ति जो सृष्टि की रचयिता है। इसे कोई खत्म नहीं कर सकता।

प्रदेश सह प्रभारी और दिल्ली सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। एक तरफ तो इंडिया यानी घमंडिया एलायंस है। उन्होंने इंडिया एलायंस का जिक्र करते हुए कहा कि इंडिया ऐसे लोगों का ग्रुप है जिन पर कोई न कोई आरोप है और ऐसे लोग जिन पर आरोप होते हैं वे इलाके में सख्त थानेदार आने पर अपनी-अपनी हिस्सेदारी भूल जाते हैं , वे पहले थानेदार को हटाने में जुट जाते हैं। असल में इंडिया एलायंस ऐसे ही लोगों का ग्रुप है। उन्होंने कहा कि सख्त थानेदार आने पर चोरों का धंधा बंद हो जाता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने ममता, लालू यादव और अरविंद केजरीवाल जैसे लोगों को अपने साथ मिलाया, जिन पर खुद पर ही कोई न कोई आरोप है।

इससे पहले सभा को भाजपा एससी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश मेघवाल, पूर्व विधायक लालचंद मेघवाल, बलवीर लूथरा, पूर्व मंत्री सुरेंद्रपालसिंह टीटी सहित विभिन्न वक्ताओ ने संबोधित किया।

(Udaipur Kiran) /संजय/ईश्वर

Most Popular

To Top