CRIME

युवती का शव फंदे से लटकता मिला, हत्या का आरोप

बांदा, 20 मार्च (Udaipur Kiran) । एक सप्ताह पहले मायके से ससुराल आई महिला का शव कमरे के अंदर छप्पर की धन्नी में अंगौछा के सहारे फांसी के फंदे पर लटकता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के ताऊ ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए पति को हिरासत में ले लिया।

मर्का थाना क्षेत्र के गुजेनी गांव निवासी गुड़िया (22) का शव मंगलवार को फांसी पर लटका मिला। सास बेसनिया ने बहू को फांसी पर लटका देखा तो उनकी चीख निकल गयी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे ले लिया।

देवर शैलेद्र ने बताया कि रात में सभी लोगों ने एक साथ बैठकर खाना खाया। भईया और भाभी कमरे में सोने चले गए। पति-पत्नी के बीच क्या हुआ कि भाभी गुड़िया ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। उधर, मृतका के ताऊ शिव मिलन का कहना है कि गुड़िया की शादी अभी दो साल हुए और उसकी दो माह की बेटी है। पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहा था। एक सप्ताह पहले ही वह अपने मायके गोण्डा से ससुराल आई थी। ताऊ का आरोप है कि पति ने गुड़िया की हत्या कर दी। आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे पर लटका दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर रिपोर्ट के इंतजार में है।

(Udaipur Kiran) /अनिल /मोहित

Most Popular

To Top