Haryana

फरीदाबाद:यमुना में नहाने गए बच्चे को दो दिन बाद मिला शव

मृतक का फाइल फोटो

फरीदाबाद, 25 अप्रैल (Udaipur Kiran) । फरीदाबाद में पल्ला थाना क्षेत्र के नवीन नगर में गुरुवार को यमुना के किनारे एक 12 साल के बच्चे का शव मिला। शव पड़ा देख लोगों की भीड़ लग गई और सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक की टीमें मौके पर पहुंची। बच्चे की पहचान शिव कॉलोनी के रहने वाले अमीन के तौर पर हुई।

शव बेहद क्षत विक्षत हालत में था और परिवार ने उसे कपड़ों से ही पहचाना। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के अनुसार फरीदाबाद की शिव कॉलोनी में रहने वाले लियाकत का बेटा अमीन 23 अप्रैल को यमुना नदी में नहाने के लिए गया था। लियाकत का कहना है कि उसका बेटा अमीन इसके बाद घर नहीं लौटा।

शाम तक परिवार उसका इंतजार करता रहा। इसके बाद तलाश शुरू की और पुलिस को भी इस बारे में सूचना दी। पल्ला थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई। उसने बताया कि गुरुवार को कुछ लोग मछली पकड़ने के लिए यमुना नदी में गए थे। उनकी नजर बच्चे के शव पर पड़ी व उन्होंने पुलिस को सूचना दी। शव पूरी तरह से क्षत विक्षत हालत में था।

चेहरा देखकर बच्चे की पहचान मुश्किल थी। उसके पहने हुए कपड़े से बच्चे की पहचान हो पाई। पल्ला थाना एसएचओ समेर का कहना है कि उनको सुबह सूचना मिली कि यमुना नहर के नजदीक एक बच्चे का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। आवश्यक कार्रवाई व पहचान के बाद शव को कब्जे में लेकर बीके नागरिक अस्पताल भेजा गया। कपड़े से बच्चे की पहचान कराई गई। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

(Udaipur Kiran) /मनोज/सुमन

Most Popular

To Top