HEADLINES

परिवारवादी पार्टियों ने रोका जम्मू एवं कश्मीर का विकास: अनुराग ठाकुर

अनुराग 

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि परिवारवादी पार्टियों ने जम्मू-कश्मीर का विकास रोक कर रखा था जबकि मोदी ने जम्मू एवं कश्मीर के विकास को नए पंख लगाने का काम किया है। जम्मू एवं कश्मीर में चुनावों को लेकर अपार उत्साह है। देश भर की तरह यहां भी कमल खिलेगा, क्योंकि इंडी एलायंस के लोग देश को जाति, धर्म, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने वाले हैं और हम जोड़ने वाले हैं।

अनुराग ठाकुर मंगलवार को अपने चुनावी कार्यक्रमों के मद्देनजर जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में परेड ग्राउंड व गुलाबगढ़ स्टेडियम में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। अनुराग ठाकुर ने कहा की किश्तवाड़ और उधमपुर को पूरे देश में सबसे पहले वोट देने का मौका मिल रहा है और यहां के लोगों का उत्साह बता रहा है कि यहां से कमल खिलना तय है। उन्होंने कहा कि आज अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू कश्मीर पूरी तौर पर भारत के साथ जुड़कर आगे बढ़ रहा है। पिछले वर्ष 2 करोड़ 10 लाख से ज्यादा पर्यटक जम्मू कश्मीर आए। आने वाले वर्षों में यह आंकड़ा 3 करोड़ पार कर जाएगा। जम्मू कश्मीर में उमर अब्दुल्ला द्वारा भारतीय जनता पार्टी को मुस्लिम विरोधी पार्टी बताए जाने को तथ्यविहीन बताते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि इन परिवारवादी पार्टियों का काम सिर्फ झूठ, भ्रम और भ्रष्टाचार फैलाना है। मोदी ने सबका साथ, सबका विकास की भावना से काम किया है। जम्मू कश्मीर में गुर्जर-बकरवाल समुदाय का जो हक़ कांग्रेस ने 70 सालों से नहीं दिया, उसे मोदी ने देने का काम किया है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ काम किया है। अनुराग ठाकुर ने आगे लोगों से कहा कि आप तीसरी बार मोदी को प्रधानमंत्री बनाओ, हम देश को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना देंगे। कांग्रेस के समय हमारा रक्षा बजट 3 लाख 70 हजार करोड़ था, आज 6 लाख 8 हजार करोड़ है। आज हमारी सेना के पास राफेल जेट हैं, तेजस विमान बन रहे हैं। आज ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर लेटेस्ट एके 203 हथियार आ गए हैं। कांग्रेस के राज में हमारे सैनिकों के पास बुलेट प्रूफ जैकेट तक नहीं थी, मोदी ने सत्ता में आने के साथ पहले ही चार वर्षों में 2 लाख से ज्यादा बुलेट प्रूफ जैकेट सेना को दिए। मोदी ने दिल्ली में वॉर मेमोरियल और पुलिस मेमोरियल बनवाया। मोदी ने कहा था कि वन रैंक, वन पेंशन देंगे। आज हमारे सेना के भाइयों को एक लाख करोड़ से ज्यादा की पेंशन दी जा चुकी है।

आगे क्षेत्र में एकलव्य विद्यालय की मांग के जवाब में अनुराग ठाकुर ने बताया कि हम पूरे देश में 38,000 करोड़ रुपये की लागत से 740 एकलव्य विद्यालय बना रहे हैं। उसमें हजारों टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ की भर्ती होगी। हमने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया। यह मोदी ही हैं, जिन्होंने जनजातीय अस्मिता को नई पहचान दी है।

(Udaipur Kiran) / विजयलक्ष्मी

Most Popular

To Top