RAJASTHAN

सफाई कर्मचारियों की मांगों पर बनी सहमति, काम पर लौटे सफाईकर्मी

जयपुर शहर

जयपुर, 16 मार्च (Udaipur Kiran) । सफाई कर्मचारियों की भर्ती में वाल्मीकि समाज के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने समेत अन्य मांगों को लेकर हड़ताल पर गए सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को हड़ताल खत्म कर दी। राज्य सरकार से शनिवार को वार्ता में पांच बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद सफाई कर्मचारियों ने काम पर लौटने का फैसला किया गया। शनिवार शाम से जयपुर शहर में सफाई कर्मचारी काम पर लौटेंगे और सफाई व्यवस्था बहाल हो जाएगी। पांच दिन से चल रही हड़ताल के चलते शहरभर में जगह-जगह कचरे के ढ़ेर नजर आ रहे है। समझौता होने के बाद सफाईकर्मचारी शहर को साफ करने में जुट गए है। रविवार को छुट्टी होने पर भी शहर में साफ-सफाई काम काम होगा और पटरी से उतरी सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

संयुक्त वाल्मीकि एवम सफाई श्रमिक संघ के आह्वान पर लगातार 5 दिन से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल चल रही थी। शनिवार को राजस्थान के सफाई कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ के कर्मचारियों की मीटिंग ग्रेटर नगर निगम लाल कोठी हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों मौजूद रहे। इस बैठक में स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, स्वायत शासन विभाग के निदेशक सुरेश ओला एवं अतिरिक्त निदेशक श्याम प्रताप शेखावत की मौजूदगी में पत्र पर सफाई कर्मचारियों की शासन द्वारा मागों पर सहमति बनने पर समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किया गया। सफाई कर्मचारियों की मांगों को पूर्ण करने पर संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ द्वारा घोषित सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की गई। समझौता होने के बाद अब सफाईकर्मी अतिरिक्त समय देकर शहर को साफ सुथरा बनाएंगे। अवकाश होने पर भी रविवार को सफाई का काम किया जाएगा।

संगठनों की मांग के अनुसार वाल्मीकि समाज को सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया के अन्तर्गत प्राथमिकता दी जाएगी। इस संबंध में आवश्यक संशोधन किए जाएंगें। उच्च न्यायालय जोधपुर और जयपुर द्वारा सफाई कर्मचारी भर्ती वर्ष 2012 एवं सफाई कर्मचारी भर्ती वर्ष 2018 के अन्तर्गत अभ्यावेदनों के लिए दिए गए निर्णय के संदर्भ में सहानुभूतिपूर्वक नीतिगत निर्णय राज्य सरकार के स्तर से लिए जाने के लिए पत्र लिखा जावेगा। सफाई कर्मचारी भर्ती 2024 की कार्रवाई वर्तमान में प्रक्रियाधीन है जिस पर आदर्श आचार संहिता का प्रभाव नहीं होगा। उक्त निर्णय सफाई कर्मचारी यूनियनों की मांग के आधार पर उनकी सहमति से किए गए है। यदि इस संशोधन की वजह से यदि कोई कानूनी विवाद उत्पन्न होने की स्थिति में भविष्य में इसका उत्तरदायित्व स्वायत्त शासन विभाग पर नहीं डाला जावेगा। हडताल अवधि के दौरान किसी भी सफाई कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जावेगी एवं उक्त अवधि का वेतन आदि नहीं काटा जाएगा। इस समझौते के साथ ही शनिवार को को हड़ताल समाप्त कर दी गई।

(Udaipur Kiran) / राजेश मीणा/संदीप

Most Popular

To Top