Bihar

अतुल कुमार अंजान के निधन पर शोक सभा आयोजित

शोकसभा में शामिल लोग
शोकसभा में शामिल लोग

भागलपुर, 03 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अंजान के निधन पर शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शहर समिति भागलपुर द्वारा नागेश्वर भवन भीखनपुर में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय हो कि आज लखनऊ में उनका निधन हो गया। वह पिछले करीब 2 महीने से बीमार चल रहे थे।

शोक सभा में सबसे पहले पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ताओं ने अपने दिवंगत नेता के तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित किया। शोक सभा में विचार व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अतुल कुमार अंजान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव थे। उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन के सदस्य के रूप में हुआ। फिर इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गये। वह इस पद पर चार बार निर्वाचित हुए। वर्ष 1978 में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गये। वह प्रखर वक्ता थे। वह किसान आंदोलन से जीवन भर जुड़े रहे। यूपीए सरकार द्वारा गठित स्वामीनाथन कमीशन के सदस्य भी रहे।

स्वामीनाथन कमीशन के सदस्य रहते हुए उन्होंने किसानों के हित के लिए कई अनुशंसाएं भी की। अतुल कुमार अंजान का भागलपुर से जीवंत लगाव रहा है। वह भागलपुर प्रमंडल के बांका शहर व जिला के निवासी थे और इस रूप में पार्टी के कार्य के लिए भागलपुर उनका आना-जाना बराबर लगा रहता था। उनके निधन से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को गहरा नुकसान हुआ है।

सभा को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी बिहार राज्य कार्यकारिणी सदस्य डॉ सुधीर शर्मा, एआईवाईएफ बिहार राज्य अध्यक्ष संजीत सुमन, जिला कार्यकारिणी सदस्य उदयकांत झा, शहर समिति के प्रभारी सचिव सचिन कुमार, पूर्व सचिव अभिमन्यु मंडल, एआईएसएफ जिला सचिव संतोष कुमार, नाथनगर अंचल सचिव गोपाल राय, बिजली मजदूर के नेता जयप्रकाश दास, एटक नेता महावीर सिंह आदि ने संबोधित किया।

(Udaipur Kiran) /बिजय/गोविन्द

Most Popular

To Top