Madhya Pradesh

उज्जैन- आलोट सीट पर इस बार कार्यकर्ता जीत का रिकॉर्ड बनाएं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

उज्जैन- आलोट सीट पर इस बार कार्यकर्ता जीत का रिकॉर्ड बनाएं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल, 19 मार्च (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण हेतु ऐतिहासिक कार्य किया है। केंद्र सरकार की योजनाओं से उज्जैन को लाभ मिला है। इससे जनता को अवगत कराएं और उज्जैन व आलोट लोकसभा सीट पर जीत का रिकॉर्ड बनाएं। इस बार उज्जैन के कार्यकर्ताओं पर दोहरी जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को उज्जैन-आलोट लोकसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को खुले दिल से आशीर्वाद दिया और 163 सीटों पर विजयी दिलाई। कार्यकर्ताओं की मेहनत और संपर्क के माध्यम से प्रदेश की सभी 29 सीटों पर विजय और ‘अबकी बार 400 पार’ का नारा साकार होगा।

प्रदेश की 29 लोकसभा क्षेत्रों में कमल खिलेगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कश्मीर में अनुच्छेद 370, 35-ए की समाप्ति, अयोध्या में श्री राममंदिर निर्माण जनभावनाओं से जुड़े ऐसे मुद्दे थे जो कई वर्षों से लंबित थे। प्रधानमंत्री मोदी ने 370 हटाकर आतंकवाद का खात्मा कर कश्मीरी पंडितों को न्याय दिया है। आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण संभव हुआ है तो वह मोदी को दिए वोट से ही संभव हुआ है। मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास के काम आगे बढ़े, इसके लिए इस बार हमें प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाना है। हमें हर बूथ पर भाजपा को पिछली बार से अतिरिक्त 370 वोट मिले, इसके लिए अपने-अपने बूथ, मंडल और विधानसभा में प्राणपण के साथ जुटना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस बार उज्जैन लोकसभा की दोहरी जिम्मेदारी है, इस नाते पिछली बार से जीत का आंकड़ा भी हमें बढ़ाते हुए लोकसभा की सभी आठ विधानसभाओं में जीत का आंकड़ा बढ़ाते हुए महाविजय प्राप्त करनी है।

देशहित में प्रधानमंत्री मोदी ने लिए दमदार निर्णय: उपाध्याय

लोकसभा के प्रदेश सह चुनाव प्रभारी सतीश उपाध्याय ने बैठक में कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश का चित्र और चरित्र बदला है। 2014 के पहले पूरे देश में निराशा, अविश्वास, अव्यवस्था और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। 2014 के पहले कश्मीर में पत्थरबाजी, नक्सलवाद और आतंकवाद की घटना आम बात होती थी, लेकिन आज देश की सीमाएं सुरक्षित हैं, देश के अंदर आतंकवादी घटनाओं पर अंकुश लगा है। कश्मीर से 370 हटाने का दमदार निर्णय प्रधानमंत्री मोदी ने लिया है, जिसके कारण आज लाल चौक में तिरंगा लहरा रहा है। मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है।

उपाध्याय ने कहा कि हमें बूथ विजय संकल्प का अभियान नीचे तक ले जाना है और महाकाल की नगरी उज्जैन की लोकसभा क्षेत्र की सभी आठ विधानसभा सीटों पर विराट विजय प्राप्त करना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की 29 की 29 लोकसभा में भाजपा रिकार्ड मतों से जीत हासिल करेगी। बैठक को संबोधित करते हुए चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक हेमंत खण्डेलवाल ने बूथ विजय अभियान के करणीय कार्यों को नीचे स्तर तक क्रियान्वित करने का आह्वान किया।

कार्यकताओं के परिश्रम से जीत का रिकॉर्ड तोड़ेंगेः फिरोजिया

उज्जैन लोकसभा के पार्टी प्रत्याशी अनिल फिरोजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 एवं 2019 में जनता से जो वादे किये, उन्हें अक्षरशः पूरा किया है। मध्यप्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में 90 दिनों में जनता को कई सौगातें दीं। उज्जैन लोकसभा में पार्टी कार्यकर्ता इतिहास रचते हुए पिछली बार की जीत का रिकॉर्ड भी तोड़ेंगे।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top