Uttar Pradesh

भाजपा ने उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया, हम किसानों का करेंगे : अखिलेश यादव

भाजपा ने उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया, हम किसानों का करेंगे : अखिलेश यादव
भाजपा ने उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया, हम किसानों का करेंगे : अखिलेश यादव

– मैनपुरी प्रत्याशी डिंपल यादव के समर्थन में जनसभा कर सपा अध्यक्ष ने मांगा जनसमर्थन

मैनपुरी, 03 मई (Udaipur Kiran) । जिले की बरनाहल ब्लॉक में जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे लोग युवाओं को नौकरियों नहीं देना चाहते हैं। ये चुनाव आने वाली पीढ़ी के भविष्य का फैसला करेगा।

अखिलेश यादव शुक्रवार को बरनाहल में सपा प्रत्याशी एवं पत्नी डिंपल यादव ऐतिहासिक जीत के लिए चुनावी सभा करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ कर्जा माफ किया है। इंडिया गठबंधन किसानों का पूरा कर्जा माफ करेगा। हम गरीबों को आटा के साथ डाटा भी मुफ्त देंगे।

सपा मुखिया ने कहा कि मैनपुरी वाले लोगों को भाजपा ने बहुत धोखा दिया है। इनकी हर बात झूठ निकली है। उन्होंने कहा कि 10 साल में एक लाख किसानों ने आत्महत्या की है। जबकि इनकी सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात कहती है। पेपर लीक, अग्निवीर पर भी सपा अध्यक्ष ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जैसे फौज में चार साल की नौकरी की है, उसी तरह पुलिस की नौकरी तीन साल की कर देंगे। हम पुलिस भाइयों से भी सहयोग चाहते हैं क्योंकि आपकी नौकरी भी अग्नि वीर की तरह तीन साल की करने वाले हैं यह बीजेपी वाले।

अखिलेश ने मंच से परीक्षा देने के बाद भर्ती से वंचित हुए युवाओं व उनके परिवारों का गणित समझा कर दो लाख 25 हजार से अधिक प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के वोटर कम होने की बात कही। यह बात भाजपा वालों को पता चली है तब से नींद नहीं आ रही है। देश के हवाई अड्डे बेच दिए, रेल बेच दी, तमाम विभाग बेच दिए और नौकरियां खत्म करना चाहते हैं। यह 2014 में आए थे 2024 में चले जाएंगे। चुनावी बांड के जरिए हजारों करोड़ का चंदा वसूला है। उप्र में डबल इंजन की 7 साल की सरकार में हर वायदे और बातें उनके झूठे निकले। सबसे बड़े भूमाफिया अगर कोई है तो बीजेपी वाले हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा बेरोजगारी अगर कहीं है तो भारत में है। 83% बेरोजगार भारत में है। यह आंकड़े बताते हैं। बिजली कम दे रहे हैं और बिल ज्यादा ले रहे हैं। समाजवादी सरकार बनी तो आपको मुफ्त बिजली मिलेगी यह हम आपसे वादा करते हैं। समाजवादियों ने जो एंबुलेंस की व्यवस्था की थी वह इन्होंने खराब कर दी। वहीं आमजन की सुरक्षा के लिए 100 डायल की व्यवस्था की थी, वह भी पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। 100 से 112 करने पर पुलिस वालों ने भी अपने रेट बढ़ा दिए। पहले तो वह फोन नहीं उठाते हैं और जाते हैं तो दोनों पक्षों से वसूली करते हैं।

राशन में दे रहे हैं बाजरा

पहले यह लोग आपको राशन में गेहूं, चावल देते थे। इस भीषण गर्मी में अब डबल इंजन की सरकार बाजरा देने का काम कर रही है। बताइए आप लोग कितना पौष्टिक खाना दे रहे हैं। आपको बर्बाद करना चाहते हैं। इस गर्मी में मैनपुरी वाले इनको सबक सिखाने का काम करेंगे।

दिल्ली-लखनऊ वाले वोट मांगने आ रहे हैं मैनपुरी

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि सुना है दिल्ली और लखनऊ वाले वोट मांगने मैनपुरी आ रहे हैं। वह मैनपुरी वोट मांगने नहीं आ रहे हैं, वह समाजवादियों ने मैनपुरी में किया विकास को देखने आ रहे हैं। 10 साल केंद्र और 7 साल राज्य में मिलाकर भाजपा की सरकार में सबसे ज्यादा अन्याय अगर हुआ है तो किसानों के साथ हुआ है। उनकी आय दोगुनी की बात कर रहे थे। आज किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। तीन काले कानून इन्होंने किसानों के लिए लागू किए थे, लेकिन किसान धरने पर बैठ गए और सरकार को मजबूरन उन्हें वापस लेना पड़ा।

भारत माता की जय बोलने वालों ने फौजियों की नौकरी कर आधी

अखिलेश ने कहा कि यह भारत माता की जय बोलने वाले लोग बहुत खतरनाक हैं। फौजी की नौकरी को इन्होंने आधा कर दिया है। जहां नेताजी ने फौजियों को सम्मान दिलाने का काम किया था। उनकी डेड बॉडी सम्मान के साथ उनके घर भेजना के काम अगर किसी ने किया था तो वह समाजवादियों ने किया था, नेताजी ने किया था।

वैक्सीन के माध्यम से हम आपकी जान लेना चाहते थे भाजपा वाले

कोरोना में हम तो बच गए क्योंकि हमने वैक्सीन नहीं लगवाई थी। वैक्सीन के माध्यम से यह लोग हम लोगों और आपको खत्म करना चाहते थे। आज वैक्सीन से कितने लोगों की मौतें हो रही हैं। आप खुद ही देख रहे होंगे। जैसे ही मौतें शुरू हुई तो वैक्सीन का जो सर्टिफिकेट मिलता था सुना है उससे फोटो गायब कर दी है, पहले फोटो लगवा रखी थी।

अखिलेश ने कहा कि करहल वालों से मैनपुरी वालों से मेरा एक बार पुनः अनुरोध है आप लोग ऐतिहासिक मतों से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिंपल यादव को जीता देना हम आपके सरकार में आते ही मदद करेंगे।

(Udaipur Kiran) /जेपी शाक्य/मोहित/बृजनंदन

Most Popular

To Top